Pal Pal India

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने पेट्रोलियम की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र पर बोला हमला, कहा-संकट के बीच जनता को लूटा जा रहा है

 
 कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने पेट्रोलियम की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र पर बोला हमला, कहा-संकट के बीच जनता को लूटा जा रहा है
 नई दिल्ली, 23 मई कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम होने के बावजूद जनता को राहत देने के बजाय लगातार पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और एलपीजी के दाम बढ़ाकर आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है।
मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि बीते दस दिनों में तीसरी बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार यह तर्क देकर अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर रही है कि भारत में ईंधन की कीमतें कई अन्य देशों की तुलना में कम हैं, जबकि सच्चाई यह है कि संकट के समय अन्य देशों ने अपनी जनता को राहत देने के लिए टैक्स में कटौती और राहत पैकेज की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता के दौरान इटली, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, ब्रिटेन और आयरलैंड जैसे देशों ने ईंधन पर टैक्स घटाकर या सब्सिडी देकर लोगों को राहत पहुंचाई। इसके विपरीत भारत में लगातार कीमतें बढ़ाई जा रही हैं, जिससे आम जनता की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि महंगाई पहले से ही लोगों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है और अब पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से परिवहन, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की जरूरतों की लागत भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि इसका सबसे ज्यादा असर मध्यम वर्ग, किसानों, छोटे व्यापारियों और निम्न आय वर्ग पर पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि बीते एक महीने में पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और एलपीजी की कीमतों में कई बार वृद्धि की गई है। सबसे पहले 1 मई को वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दाम में 993 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी, जिसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 3,071.50 रुपये हो गई। इसके बाद 15 मई को पेट्रोल और डीजल के दाम में तीन-तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई, जबकि उसी दिन सीएनजी भी दो रुपये प्रति किलोग्राम महंगी हुई थी।
इसके बाद 18 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगभग 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई और सीएनजी के दाम में एक रुपये प्रति किलोग्राम का इजाफा हुआ। वहीं, शनिवार 23 मई को दिल्ली में पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि के बाद इसका दाम 99.51 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया, जबकि डीजल 91 पैसे महंगा होकर 92.49 रुपये प्रति लीटर हो गया।
मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार से पेट्रोलियम पदार्थों पर करों में कटौती कर आम जनता को राहत देने की मांग की है।