Pal Pal India

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा का सिख समुदाय ने फूंका पुतला

 पूर्व सांसद सज्जन सिंह को आदर्श बताने पर भडक़े सिख
 
  कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा का सिख समुदाय ने फूंका पुतला

सिरसा 29 अगस्त रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा द्वारा वर्ष 1984 में सिखों पर हुए अत्याचार के मामले में मुख्य आरोपी रहे पूर्व सांसद सज्जन कुमार को अपना आदर्श बताने पर सिख समाज ने शनिवार को सांसद दीपेंद्र हुड्डा का पुरजोर विरोध करते हुए स्थानीय सुभाष चौक पर उनका पुतला फूंका और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इससे पूर्व सिख समाज के अनेकानेक लोग स्थानीय जनता भवन में एकत्रित हुए और वहां वक्ताओं ने वर्ष 1984 में कांग्रेस शासन के दौरान सिखों पर किए गए अत्याचारों की कड़ी आलोचना की। वक्ताओं ने कहा कि सांसद दीपेंद्र हुड्डा उस व्यक्ति को अपना आदर्श बता रहे हैं जिन्होंने सिखों के गले में टायर डालकर उन्हें मारने जैसा कठोर षड्यंत्र रचा जिसके लिए वे न्यायालय से भी दोषी ठहराए गए। उस दौर में महिलाओं से दुराचार करते हुए सिख कौम पर तीन दिन तक निरंतर अत्याचार करता रहा जबकि सिख पंथ ने सदैव देश की सुरक्षा और अध्यात्म के लिए अपना सर्वस्व बलिदान दिया। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा सही मायने में सिखों की शत्रु है। वर्ष 1984 में कांग्रेस ने देश में जातिगत तौर पर बांटने का षडयंत्र रचा मगर देशवासियों ने इस एकता अखंडता को टूटने नहीं दिया। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस शासन में दरबार साहिब पर भी हमला हुआ जो निंदनीय घटना थी। वहां सिखों पर हमलों के दौरान अनेक निर्दोष लोग मारे गए। कांग्रेस ने उस दौरान नफरत की राजनीति की और अब ऐसे बयान पर सिख समुदाय कांग्रस नेता की आलोचना करता है। इस विरोध प्रदर्शन में गुरप्रीत सिंह साहुवाला, मलकीत सिंह जोगेवाला, सतबीर सिंह हस्सु, जगसीर सिंह ओढां, मेजर सिंह सरां, महिमा सिंह, बलकौर सिंह, गुरतेज सिंह रोड़ी, लाभ सिंह केवल, लीला सिंह रोड़ी आदि अनेक सिख समुदाय के लोग मौजूद थे।