वोट की गरिमा और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा : कुमारी सैलजा

नई दिल्ली/सिरसा, 13 अक्टूबर।
सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की सदस्य कुमारी सैलजा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में दिल्ली की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि देश की जनता संविधान, लोकतंत्र और अपने मताधिकार की रक्षा के लिए पूरी तरह जागरूक और एकजुट है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि जाति, धर्म, क्षेत्र और राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए उठने वाली आवाज देश की संवैधानिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का संदेश देती है। कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट मानना है कि प्रत्येक नागरिक का वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और इसकी पवित्रता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।
सांसद ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि कथित वोट चोरी के मामलों की निष्पक्ष जांच हो, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा दें। कुमारी सैलजा ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च का उद्देश्य केवल विरोध दर्ज कराना नहीं, बल्कि निष्पक्ष चुनाव, मताधिकार की सुरक्षा और संवैधानिक संस्थाओं की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाना है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपना शांतिपूर्ण और संवैधानिक संघर्ष जारी रखेगी। यह लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक भविष्य और प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की रक्षा की है।
बॉक्स
अंकिता के माता-पिता द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब दे भाजपा सरकार, सीबीआई जांच में तेजी लाने की मांग
नई दिल्ली ।
सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। कुमारी सैलजा ने कहा कि अंकिता भंडारी के माता-पिता जिस कथित वीआईपी की भूमिका की जांच की मांग कर रहे हैं, उसके संबंध में सामने आए आरोपों और संवैधानिक पद पर नियुक्ति से जुड़े सवालों का सरकार को स्पष्ट जवाब देना चाहिए। सांसद ने मांग की कि सीबीआई जांच तेजी से आगे बढ़े और जिन व्यक्तियों के खिलाफ साक्ष्य सामने आएं, उनके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
बॉक्स
मंडियों में खुले में पड़े धान के क्षतिग्रस्त होने के लिए सरकारी लापरवाही की जिम्मेदारी तय हो, प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए
सांसद कुमारी सैलजा ने मांग की है कि बेमौसमी बारिश से किसानों की फसलों तथा अनाज मंडियों में पड़े धान को हुए नुकसान की सरकार तत्काल भरपाई करे। प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए और मंडियों में फसलों की खरीद एवं उठान सुनिश्चित किया जाए। कुमारी सैलजा ने कहा कि मंडियों में खुले में पड़े धान का बारिश से क्षतिग्रस्त होना सरकारी व्यवस्थाओं की लापरवाही को दर्शाता है। किसानों ने दिन-रात मेहनत करके फसल तैयार की है, इसलिए उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है। सांसद ने मांग की कि क्षतिग्रस्त धान और अन्य फसलों के नुकसान का तत्काल आकलन कराया जाए तथा प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। मंडियों में अनाज को सुरक्षित रखने और समय पर खरीद व उठान के लिए प्रभावी प्रबंध किए जाएं, ताकि किसानों को सरकारी लापरवाही का खामियाजा न भुगतना पड़े।

