एचपीएससी पीजीटी अभ्यर्थियों के समर्थन में उतरी कांग्रेस, तुरंत जॉइनिंग की मांग

हिसार, 27 जून
हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) की पीजीटी भर्ती (विज्ञापन संख्या 18 से 37/2024) के चयनित एवं प्रभावित अभ्यर्थियों का मुद्दा अब गरमा गया है। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के लीगल डिपार्टमेंट के स्टेट चेयरमैन एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल, स्टेट मीडिया कॉर्डिनेटर एडवोकेट बजरंग इंदल व एडवोकेट हिमांशु आर्य खोवाल टीम के साथ पंचकूला के सेक्टर 5 स्थित धरना-स्थल पर पहुंचे और अभ्यर्थियों की मांगों को पूर्णतः न्यायोचित बताते हुए अपना समर्थन दिया।धरना स्थल पर लगभग 30 से अधिक अभ्यर्थी अपनी लंबित मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन कर रहे हैं। एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निर्धारित नियमों और शर्तों का पूरी तरह पालन किया है। उन्होंने कहा कि यदि पूर्व की भर्तियों में साक्षात्कार से पूर्व अपडेट किए गए बीसीए/बीसीबी प्रमाण-पत्र स्वीकार किए गए हैं तो वर्तमान भर्ती में भी वही व्यवस्था लागू होनी चाहिए। एक ही विभाग द्वारा समान परिस्थितियों में अलग-अलग मानदंड अपनाना प्राकृतिक न्याय तथा समानता के सिद्धांतों के सीधे खिलाफ है। इन धरनारत अभ्यर्थियों के आंदोलन से बीजेपी सरकार डरी हुई है और इनकी आवाज दबाने के लिए किसी भी ओछे हथकंडे पर उतर सकती है।
बाक्स: अनशनकारियों की सेहत बिगड़ने पर जताई चिंता
धरना स्थल पर हालात की गंभीरता को रेखांकित करते हुए एडवोकेट खोवाल और एडवोकेट इंदल ने कहा कि आमरण अनशन पर बैठे अभ्यर्थी पल्लवी जांगड़ा, सुमन प्रजापति, रमणदीप कंबोज एवं सुरेंद्र कुमार पिछले कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और इनका स्वास्थ्य लगातार बिगड़ता जा रहा है। अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने सरकार और संबंधित अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए विभिन्न माध्यमों का सहारा लिया लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है।वहीं धरनास्थल पर मौजूद अभ्यर्थियों ने बताया कि लगातार अनशन के कारण पल्लवी, सुमन और रमनदीप की तबीयत बिगड़ रही है लेकिन इसके बावजूद उनका संकल्प कमजोर नहीं पड़ा है। उन्होंने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर अंतिम समय तक संघर्ष जारी रखेंगे। सरकार की उदासीनता पर चिंता जताते हुए खोवाल ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो इसकी समस्त नैतिक जिम्मेदारी सरकार और संबंधित प्रशासन की होगी। अभ्यर्थियों ने भी साफ किया है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता तब तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा।
बाक्स: अभ्यर्थियों की मुख्य मांगें
अभ्यर्थियों और कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट द्वारा सरकार के समक्ष निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखी गई हैं:
1. सत्यापन प्रक्रिया तुरंत हो पूरी: चयनित अभ्यर्थियों द्वारा भर्ती के दौरान प्रस्तुत बीसीए/बीसीबी प्रमाण-पत्रों को तुरंत स्वीकार कर जाति प्रमाण-पत्र सत्यापन प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए। कास्ट सर्टिफिकेट संबंधी कारणों से भर्ती प्रक्रिया से बाहर किए गए पात्र ओबीसी अभ्यर्थियों को तत्काल नियुक्ति प्रदान की जाए।
2. क्राइटेरिया में बदलाव: एचपीएससी भर्ती में लागू 35 प्रतिशत क्राइटेरिया को समाप्त कर अभ्यर्थियों को दो गुना संख्या में इंटरव्यू के लिए बुलाया जाए।
3. हरियाणा के युवाओं को प्राथमिकता: सामान्य वर्ग की सीटों में 90 प्रतिशत सीटें हरियाणा के मूल निवासियों के लिए आरक्षित की जाएं।
4. तत्काल मिले जॉइनिंग: बिना किसी अनावश्यक विलंब के चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति प्रदान कर उन्हें कार्यभार ग्रहण कराया जाए। सरकार संवेदनशीलता दिखाए और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद कर इस प्रकरण का तत्काल समाधान निकाले।
5.
बाक्स: पंचकूला पुलिस ने धरना स्थल तत्काल खाली करने का थमाया नोटिस
धरना दे रहे अभ्यर्थियों की मुश्किलें उस समय और बढ़ गईं जब थाना सैक्टर 05 पंचकूला पुलिस द्वारा उन्हें तत्काल धरना स्थल खाली करने का आधिकारिक नोटिस थमा दिया गया। पुलिस प्रबंधक अफसर द्वारा जारी नोटिस (क्रमांक 585-SA, दिनांक 26-06-26) में स्पष्ट कहा गया है कि धरना स्थल सैक्टर 05 पंचकूला पर प्रदर्शन की अनुमति की अवधि अब समाप्त हो चुकी है। इसके अतिरिक्त प्रशासन ने अभ्यर्थियों द्वारा हाल ही में किए गए सड़क मार्च को शपथ-पत्र की शर्तों का स्पष्ट उल्लंघन माना है।पुलिस ने चेतावनी दी है कि इस धरने से क्षेत्र में कानून व्यवस्था प्रभावित होने का प्रबल अंदेशा है। अतः अभ्यर्थी तत्काल प्रभाव से टेंट, मंच और बैरिकेडिंग हटाकर स्थल को खाली करें। आदेश का पालन न करने पर कानूनी व वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। यह नोटिस मुख्य रूप से आंदोलनकारी विकास सिंह, जसमिन्दर, प्रमोद, जसमेर एवं उनके साथियों को संबोधित करते हुए जारी किया गया है।
बाक्स: कुमारी सैलजा तक पहुंचा मामला
एडवोकेट खोवाल ने बताया कि इस गंभीर विषय पर उन्होंने सिरसा से सांसद एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा से विस्तारपूर्वक चर्चा की है। कुमारी सैलजा ने भी इस विषय को बेहद गंभीरता से लेते हुए अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने का पूरा आश्वासन दिया है। खोवाल ने प्रभावित युवाओं को भरोसा दिलाया कि हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट उनके साथ पूरी दृढ़ता से खड़ा है और उनकी कानूनी व लोकतांत्रिक ढंग से प्रभावी पैरवी करेगा।

