मेट्रो स्टेशन बंद करने पर सीजेआई बोले- दोपहर तक मामला नहीं सुलझा तो करेंगे हस्तक्षेप

नई दिल्ली, 23 जुलाई दिल्ली के कई मेट्रो स्टेशनों को बंद करने को लेकर सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर की है। याचिका पर सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा कि अगर आज दोपहर तक ये मामला नहीं सुलझता है, तो वे हस्तक्षेप करेंगे।
सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विकास सिंह ने गुरुवार को मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली बेंच के समक्ष मेंशन करते हुए कहा कि मेट्रो स्टेशन बंद होने से वकीलों और पक्षकारों को कोर्ट में समय पर आने में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि कम से कम वकीलों, पक्षकारों और कोर्ट के स्टाफ को तो आने-जाने दिया जाए। तब मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि उन्होंने निर्देश दिया है कि अगर किसी मामले में कोई वकील या पक्षकार नहीं पेश होता है तो कोई प्रतिकूल आदेश जारी नहीं किए जाएं। उन्होंने कहा कि मेट्रो गेट से निकलते समय स्क्रीनिंग हो और उच्चतम न्यायालय का पहचान पत्र दिखाने पर जाने दिया जाए।
दरअसल, जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन के चलते सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने सुप्रीम कोर्ट समेत करीब 16 मेट्रो स्टेशन को अगले आदेश तक बंद कर रखे हैं।

