सीडीएलयू की विवादित जमीन को लेकर नागरिक परिषद कल करेगी प्रेस कॉन्फ्रेंस

*सिरसा क्लब में सुबह 11:30 बजे होगा आयोजन, नागरिक परिषद के अध्यक्ष जगदीश चोपड़ा व सचिव सुरेंद्र भाटिया सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहेंगे उपस्थित*
सिरसा, 3 नवंबर।* चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा की विवादित जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण मामले को लेकर नागरिक परिषद, सिरसा की ओर से बुधवार, 4 नवंबर को प्रातः 11:30 बजे सिरसा क्लब में सर्वदलीय प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा। इसमें नागरिक परिषद के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।
नागरिक परिषद के अध्यक्ष जगदीश चोपड़ा एवं सचिव सुरेंद्र भाटिया ने बताया कि विश्वविद्यालय की विवादित जमीन का मामला सिरसा के शैक्षणिक भविष्य और जनहित से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। इस मामले में विश्वविद्यालय के हितों की रक्षा तथा विवाद के न्यायसंगत समाधान को लेकर नागरिक परिषद अपनी बात रखेगी।
उन्होंने बताया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के अतिरिक्त शहर के प्रबुद्ध नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की भागीदारी भी अपेक्षित है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की जमीन से संबंधित विभिन्न पहलुओं तथा इसके संरक्षण को लेकर विचार रखे जाएंगे।
*जगदीश चोपड़ा और सुरेंद्र भाटिया ने कहा कि चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा की महत्वपूर्ण शैक्षणिक धरोहर है और इसके भविष्य से जुड़े मामलों में व्यापक जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए।*
नागरिक परिषद ने सभी पत्रकार बंधुओं से बुधवार को प्रातः 11:30 बजे सिरसा क्लब पहुंचकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाग लेने का अनुरोध किया है।

