Pal Pal India

गोगामेडी हत्याकांड में आरोप पत्र पेश

 
 गोगामेडी हत्याकांड में आरोप पत्र पेश
जयपुर, 5 जून  एनआईए मामलों की विशेष अदालत में बुधवार को एनआईए ने सुखदेव सिंह गोगामेडी हत्याकांड मामले में आरोप पत्र पेश किया है। आरोप पत्र में आतंकी गोल्डी बराड का नाम भी शामिल है।
आरोप पत्र में कहा गया कि प्रकरण का मास्टर माइंड रावतराम स्वामी उर्फ रोहित गोदारा था। जिसमें आरोपित वीरेन्द्र चारण, सतविंदर सिंह उर्फ गोल्डी बराड सहित अन्य के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। वहीं हत्या के बाद रोहित गोदारा और गोल्डी ने हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए इस आधार पर अन्य लोगों को धमकाया और रुपए एंठे। रोहित राठौड और नितिन पांच दिसंबर, 2023 को घर में घुसकर सुखदेव सिंह की हत्या करने के बाद फरार हो गए थे। जबकि पूजा सैनी और उसके पति महेन्द्र कुमार पर आरोप है कि उन्होंने हत्याकांड से पहले नितिन को पनाह दी थी। एनआईए की जांच में आया की नितिन से हत्या कराने के लिए आरोपी भवानी सिंह की मदद ली गई थी। भवानी को अशोक कुमार ने हथियार और रहने की जगह दी थी। गौरतलब है कि श्याम नगर थाना इलाके में 5 दिसंबर 2023 को गोगामेड़ी व नवीन शेखावत की हत्या हुई थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी शूटर नितिन फौजी, रोहित राठौड़, उधम सिंह, भवानी, राहुल, रामवीर व पूजा सैनी को गिरफ्तार किया था। जबकि रोहित गोदारा, विरेन्द्र चारण, महेन्द्र मेघवाल और गोल्डी बराड सहित अन्य आरोपित फरार चल रहे हैं।