Pal Pal India

झारखंड सीएम का इस्तीफा, नए सीएम होंगे चंपई सोरेन

 
  झारखंड सीएम का इस्तीफा, नए सीएम होंगे चंपई सोरेन
रांची, 31 जनवरी। झारखंड के नए मुख्यमंत्री चंपई सोरेन होंगे। उन्हें महागठबंधन (झामुमो, कांग्रेस, राजद) के विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। इधर, ईडी की हिरासत में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्यपाल को इस्तीफा देने गए। उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है। समाचार लिखे जाने तक वे राजभवन में ही थे। यहां से निकलते ही ईडी उन्हें गिरफ्तार कर लेगी। गिरफ्तारी के बाद वे पुराने सीएम हाउस में अरेस्ट रहेंगे।
इधर, हेमंत सोरेन से पहले महागठबंधन के विधायक राजभवन पहुंचे थे, लेकिन विधायकों को 5 मिनट बाद ही बाहर कर दिया गया। सभी विधायक राजभवन के बाहर हंगामा कर रहे हैं। वो मांग कर रहे हैं कि चंपई सोरेन को आज रात में ही मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जाए। सीएम हेमंत सोरेन ने रांची में ईडी के अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। दिल्ली आवास पर 29 जनवरी को हुई रेड को लेकर मामला दर्ज करवाया है। आवेदन की कॉपी रांची के एससी एसटी थाने में भेज दी गयी है।
ईडी के 7 अधिकारियों की टीम दोपहर 1:15 बजे सीएम हाउस पूछताछ के लिए पहुंची थी। इससे पहले 20 जनवरी को ईडी ने साढ़े सात घंटे पूछताछ की थी। पूछताछ को लेकर रांची में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। साथ ही ईडी  ऑफिस, राजभवन और सीएम आवास के आसपास धारा 144 अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दी गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के समर्थक प्रदर्शन कर रहे हैं।
इससे पूर्व सीएम हाउस में महागठबंधन के विधायक बस में बैठकर राजभवन पहुंचे। वहां पर उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया जो देर रात तक चलता रहा।
राज्य की देखभाल सिर्फ राष्ट्रपति ही कर सकते हैं: बीजेपी सांसद
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के खिलाफ ईडी की जांच पर बीजेपी सांसद संजय सेठ ने कहा कि घोटाला हुआ है तो जांच होगी। वह क्यों भाग रहे हैं? उन्हें 10 बार बुलाया गया, लेकिन वह पेश नहीं हुए। उन्हें बुलाया गया तो भाग गए। सीएम के सुरक्षाकर्मियों को जवाब देना होगा कि 40 घंटे तक सीएम कहां थे और दिल्ली से रांची कैसे पहुंचे। अब इस राज्य की देखभाल सिर्फ राष्ट्रपति ही कर सकते हैं।
जेएमएम के 18 विधायक बसंत सोरेन के साथ: निशिकांत दुबे
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी की स्थिति में उनकी पत्नी कल्पना सोरेन को सीएम बनाए जाने की अटकलों पर बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वे अपनी पत्नी कल्पना सोरेन को सीएम बनाना चाहते हैं, लेकिन उनके घर में बगावत हो गई है। जेएमएम के 18 विधायक बसंत सोरेन के साथ हैं।
27 जनवरी की रात से गायब थे सीएम
27 जनवरी को मुख्यंमत्री हेमंत सोरेन दिल्ली गए थे। उनके दिल्ली स्थित आवास पर अचानक ईडी 29 जनवरी की सुबह पहुंची, लेकिन सीएम वहां नहीं मिले। हालांकि, ईडी अपने साथ कई अहम दस्तावेज, एक लग्जरी कार और 36 लाख रुपए कैश अपने साथ लेकर लौट गई। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कहां है, इसकी जानकारी किसी को नहीं थी। अगले दिन 30 जनवरी को रांची में दोपहर दो बजे सीएम आवास में प्रवेश करते दिखें। फिर विधायकों के साथ बैठक की और सभी को रांची में ही रहने का निर्देश दिया।