नशे के खिलाफ जन-जागरूकता का संदेश लेकर गांवों में पहुंचे सीडीएलयू के विद्यार्थी

सिरसा 9 सितंबर चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय, सिरसा में सघन आईईसी अभियान-2026 के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग, सिरसा एवं सेंटर फॉर रूरल स्टडीज, सीडीएलयू के संयुक्त तत्वावधान में विद्यार्थियों की एक टीम को नशा विरोधी एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के लिए सिरसा जिले के गांव बाजेका एवं कंगनपुर रवाना किया गया। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने विद्यार्थियों के जागरूकता दल को हरी झंडी दिखाकर अभियान के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने कहा कि युवा देश और समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं और नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ व्यापक जन-जागरूकता पैदा करने में विद्यार्थियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज की सामाजिक एवं आर्थिक व्यवस्था को भी कमजोर करता है। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे गांवों में जाकर लोगों, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति के सामूहिक प्रयास से ही नशे के खिलाफ एक प्रभावी सामाजिक आंदोलन खड़ा किया जा सकता है।
सेंटर फॉर रूरल स्टडीज के निदेशक डॉ. रविंद्र ने बताया कि अभियान के दौरान विद्यार्थी गांव बाजेका एवं कंगनपुर में लोगों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करेंगे। साथ ही ग्रामीणों को एचआईवी/एड्स तथा यौन संचारित संक्रमणों (एसटीआई) के प्रति भी आवश्यक जानकारी प्रदान की जाएगी। विद्यार्थियों द्वारा डोर-टू-डोर जागरूकता गतिविधियों एवं जनसंवाद के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
गौरतलब है कि ‘सघन आईईसी अभियान-2026’ का आयोजन हरियाणा राज्य एड्स नियंत्रण समिति के तत्वावधान में स्वास्थ्य विभाग, सिरसा एवं चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय, सिरसा के संयुक्त सहयोग से 12 अगस्त से 10 अक्टूबर, 2026 तक किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य एचआईवी/एड्स एवं एसटीआई के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शैक्षणिक मामलों के अधिष्ठाता प्रो. सुशील कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजकुमार, डीन सोशल साइंस प्रो. सुल्तान ढांडा, प्रो. हरीश रोहिल, गुरसाहिब सिंह, डॉ सुरेश, सामाजिक कार्य विभाग से डॉ. सुनील सैनी एवं डॉ. ललिता तथा विधि विभाग से डॉ. गुरमीत कुमार, स्वास्थ्य विभाग, सिरसा की ओर से जिला क्षय रोग एवं एड्स नोडल अधिकारी डॉ. प्रतीक तथा कमल निर्वाण सहित विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे

