Pal Pal India

पंजाब सीएमओ में कथित भ्रष्टाचार को लेकर सीबीआई जांच शुरू, चंडीगढ़ कैंप ऑफिस में सर्च

 
  पंजाब सीएमओ में कथित भ्रष्टाचार को लेकर सीबीआई जांच शुरू, चंडीगढ़ कैंप ऑफिस में सर्च

- ईडी ने भगवंत मान के साढू को किया तलब
- हाई कोर्ट के निर्देश के बाद सक्रिय हुई सीबीआई

चंडीगढ़, 06 अक्टूबर । पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार की जांच सीबीआई ने शुरू कर दी है। मंगलवार शाम सीबीआई ने चंडीगढ़ स्थित सीएम कैंप ऑफिस समेत कई जगह सर्च की। जहां पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान खुलकर इसके विरोध में आ गए हैं, वहीं भ्रष्टाचार के मामले की जांच कर रही ईडी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के साढू को भी तलब कर लिया है।
पंजाब-हरियाणा उच्च न्यायालय ने सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में फैले कथित भ्रष्टाचार की जांच सीबीआई को सौंपी थी। उच्च न्यायालय के आदेश मिलने के बाद मंगलवार को सीबीआई और ईडी सक्रिय हो गई हैं। दूसरी तरफ विपक्षी दलों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को घेरना शुरू कर दिया है। पंजाब के मुख्यमंत्री द्वारा राज्य में इन दिनों ईमानदार मुख्यमंत्री के नाम से बोर्ड एवं होर्डिंग लगाकर प्रचार किया जा रहा है। विपक्ष ने इसे मुद्दा बना लिया है।
सीबीआई ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के चंडीगढ़ स्थित कैंप ऑफिस में मंगलवार शाम छापा मारा। सीबीआई की टीमें मोहाली और संगरूर भी पहुंची। संगरूर में सीएम के साढू राजबीर सिंह घुम्मन के घर और मोहाली में उनके भाई के घर पर जांच की। देर रात तक सीबीआई की कई स्थानों पर सर्च जारी रही।
इस बीच उच्च न्यायालय के फैसले को चुनौती देते हुए पंजाब सरकार ने उच्चतम न्यायालय में तत्काल सुनवाई की याचिका दायर की, जिसे उच्चतम न्यायालय ने बाद दोपहर खारिज कर दिया। इसके बाद सीबीआई सक्रिय हो गई। ईडी ने पंजाब के बहुचर्चित रेप केस मामले में सीएम भगवंत मान के साढू अमरदीप सिंह ग्रेवाल को समन भेजकर तलब किया है। मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर के जीजा ग्रेवाल को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
सीबीआई की कार्रवाई के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि भाजपा ने पंजाब चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है... मेरे कैंप ऑफिस पर सीबीआई का छापा पड़ा... अब पंजाब सरकार और मुझे बदनाम करने के लिए पंजाब में ईडी और सीबीआई का गलत इस्तेमाल किया जाएगा... लोगों से मिल रहे प्यार से भाजपा घबरा गई है।