Pal Pal India

अमृतसर में बीएसएफ ने एके-47 समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद किये

 
 अमृतसर में बीएसएफ ने एके-47 समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद किये

 अमृतसर, 19 जून  सीमावर्ती जिला अमृतसर में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने हथियारों का भारी जखीरा बरामद किया है। बीएसएफ की 117 बटालियन ने खुफिया सूचना के आधार पर अजनाला क्षेत्र के गांव हरड़ खुर्द के पास एक भारतीय नागरिक को हिरासत में लिया, जिसकी निशानदेही पर यह हथियार बरामद किए गए।
बीएसएफ के अनुसार गुरुवार रात एक विशेष खुफिया सूचना मिलने के बाद अमृतसर ग्रामीण के थाना अजनाला क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव हरड़ खुर्द में तलाशी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने एक ऐके-47 राइफल, 25 पिस्तौल, 47 पिस्तौल मैगजीन, एक बुलेटप्रूफ जैकेट तथा 368 जिंदा कारतूस बरामद किए।
बीएसएफ अधिकारियों के मुताबिक हिरासत में लिए गए व्यक्ति से गहन पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन हथियारों को किस उद्देश्य से इकट्ठा किया गया था और इसके पीछे कौन-सा नेटवर्क सक्रिय है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस संबंध में कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। घटना के बाद बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त कर दिया है।