Pal Pal India

सीमांत प्रहरियों की दीवाली से रोशन हुई सरहद

 
 सीमांत प्रहरियों की दीवाली से रोशन हुई सरहद
जैसलमेर, 12 नवंबर सीमा सुरक्षा बल के राजस्थान फ्रंटियर के अधीन सीमान्त एवं मरुस्थलीय जिले जैसलमेर से लगती अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बल के जवान पांच दिवसीय दीपोत्सव का त्यौहार घर से दूर घर जैसे वातावरण में मना रहे हैं।
इस दौरान सीमा सुरक्षा बल परिवार ने अंधेरे पर प्रकाश की जीत के दीपोत्सव के पांच दिवसीय त्यौहार की शुरुआत की तथा अग्रिम सीमा चौकियों पर उपस्थित जवानो ने दीप जलाने के साथ मुंह मीठा कर देशवासियों को शुभकामनाएं प्रदान की। जवानों ने घर से दूर घर जैसे माहौल में दीये और मोमबत्तियों के साथ सरहद को रोशन किया। सरहद के पार जहां अंधेरा पसरा हुआ था वहीं भारतीय सीमा फ्लड लाइटों के साथ साथ दीयों व मोमबत्ती की रोशनियों से रोशन हो गई हैं अपने घर परिवार से सैकड़ों किलोमीटर दूर बैठकर देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे सीमा सुरक्षा बल के जवान तथा महिला जवान भी दीपावली का त्यौहार दीप प्रज्वलित कर और रंगोली बना कर धूमधाम से मना रहे हैं। पाकिस्तान से लगती सीमा पर स्थित तारबंदी व बी.एस.एफ की सीमा चौकियों को जवानो ने खूबसूरत व आकर्षक रोशनी से सजाया हैं। सीमा चौकियां मोमबत्तियों व दीयों की सजावट से एक सुन्दर नजारा प्रस्तुत कर रही थी। जवानो ने जमकर आतिशबाजी का लुत्फ उठाया। जवानो तथा अधिकारियों ने एक दूसरे को मिठाइयां बांट कर दिवाली की शुभकामनाएं दी। बार्डर पर देश की सीमाओं पर तैनात जवान अपने को अकेला महसूस न करे ऐसे में सीमा सुरक्षा बल परिवार अपने जवानों के साथ फेस्टिवल हर्षोल्लास के साथ बार्डर तक मनाते हैं।
जैसे जैसे रात गुलजार हो रही थी वैसे ही जैसलमेर से लगती भारतीय सीमा पर दिवाली के अवसर पर बी.एस.एफ के जवान अधिकारी देश की सीमाओं की रक्षा के फर्ज निभाने के साथ साथ मिल बैठकर दिवाली का त्यौहार मना रहे हैं। सीमा पर रौशनी का नजारा हैं, वही सीमा पार पूरी तरह अंधेरा छाया हुआ हैं लेकिन भारतीय पूरी फिजा बदली हुई हैं। बी.एस.एफ के जवान ना केवल तारबंदी पर दिये व मोमबती जला कर रोशनी का यह त्यौहार बड़े आनंद से मना रहे हैं वरन रोशनी की आतिशबाजी अनार व फुलजड़ी व चकड़ी आदि चलाकर अपनी खुशियों को दुगना कर रहे हैं।
पाकिस्तान से लगती देश की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की रक्षा कर रहे बी.एस.एफ के जवान दीपावली के अवसर पर अपने फर्ज व ड्यूटी के कारण अपने परिवार के पास भले ही ना जाय पाये मगर उनके चेहरे पर कोई शिकन व चिन्ता नहीं हैं, वे अपने अन्य साथियों के साथ मिल बैठकर दीपावली का त्यौहार मना रहे हैं। सबको दिवाली के मौके पर छुट्टिया मिलनी बड़ी मुश्किल होती हैं, इसलिए बी.एस.एफ के जवानो की दिवाली सीमा पर ही मनती हैं। सीमा चौकियों पर रंगीन खूबसूरत रोशनी से सजाया गया हैं। महिला जवानो ने बकायदा रंगौली बनाई हैं जिसपर दियो व मोमबत्तियों की सजावट की गई हैं तथा अपने परिवार व देश को भारत के हर प्रान्त से आये बहादुरों का दल, हम है सीमा सुरक्षा बल गाकर, अपनी अभिव्यक्तियों को व्यक्त किया। जैसलमेर स्थित सीमा सुरक्षा बल की वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी धीरज सिंह ने देश को दीवाली की शुभकामनाएं प्रेषित कर यह विश्वास दिलाया कि देश वासी उत्साह से त्योहार मनाए सीमाओं की हिफाजत के लिए सुरक्षा बल सदैव तत्पर और सतर्क है।