Pal Pal India

बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने टीम के लिए दरबार साहिब में की अरदास

 
  बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने टीम के लिए दरबार साहिब में की अरदास
अमृतसर, 10 मई  बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री प्रीति जिंटा शनिवार देर रात श्री दरबार साहिब अमृतसर में माथा टेकने पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने श्री दरबार साहिब में माथा टेका और सरबत के भले की अरदास की। प्रीति जिंटा को देखने के लिए संगत में उत्साह देखने को मिला और कई श्रद्धालुओं ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के बाद प्रीति जिंटा ने लंगर हॉल में सेवा भी निभाई। उन्होंने संगत को रोटी वितरित की और सेवा भाव के साथ अपनी श्रद्धा प्रकट की।
मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि वाहेगुरु जी का बुलावा आया था, इसलिए हम यहां आए हैं। उन्होंने बताया कि 11 तारीख को उनकी क्रिकेट टीम का एक महत्वपूर्ण मुकाबला है, जिसके लिए उन्होंने जीत की अरदास की है। उन्होंने विश्वास जताया कि वाहेगुरु जी की कृपा से उनकी टीम शानदार प्रदर्शन करेगी और हर मैच जीतने की पूरी कोशिश करेगी।
इस दौरान उन्होंने श्रेयस अय्यर का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब के लोग उन्हें प्यार से “सरपंच” कहते हैं, जो टीम के लिए गर्व की बात है। प्रीति जिंटा ने पंजाब के युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि टीम को लोगों से भरपूर प्यार और समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यही समर्थन खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाता है और टीम की सबसे बड़ी ताकत है।