भाजपा का प्रशिक्षण अभियान 11 लाख पार, अब लक्ष्य हर बूथ कार्यकर्ता तक : चुग

नई दिल्ली, 08 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुग ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत चल रहे डिजिटल प्रशिक्षण अभियान की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं के डिजिटल सशक्तिकरण की बड़ी उपलब्धि बताया।
तरुण चुग ने बुधवार को एक बयान में बताया कि देशभर में अब तक 11,01,618 कार्यकर्ता ऐप आधारित डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं, जिस पर 12 भाषाओं में अध्ययन सामग्री, वीडियो, प्रश्नोत्तरी तथा डिजिटल प्रमाणपत्र की सुविधा उपलब्ध है। प्रशिक्षण में भाजपा का परिचय, पार्टी इतिहास, पंच निष्ठा, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय की शिक्षाएं, मोदी सरकार की योजनाएं, नमो ऐप तथा 'मन की बात' सहित संगठन के प्रमुख कार्यक्रम शामिल थे।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी एल संतोष एवं राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने 6 अप्रैल 2026 को भाजपा स्थापना दिवस पर DLP का शुभारंभ किया था। शिव प्रकाश के नेतृत्व में गठित प्रशिक्षण टोली ने मंडल-जिला ढांचे के साथ मिलकर इसे गति दी। 23 जून (डॉ. मुखर्जी बलिदान दिवस) से 6 जुलाई (जन्मदिवस) तक 10 लाख का लक्ष्य रखा गया था, जिसे पार कर अभियान 11 लाख से अधिक तक पहुंचा। अब इसे बूथ स्तर तक विस्तारित किया जा रहा है।
चुग ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के डिजिटल इंडिया अभियान से मिली प्रेरणा से ही भाजपा ने यह संगठनात्मक डिजिटल प्रशिक्षण अभियान चलाया, जो सुशासन का संदेश अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने इसे लाखों कार्यकर्ताओं, नेतृत्व एवं प्रशिक्षण टोलियों के समर्पण का परिणाम बताते हुए सभी को बधाई दी।
राज्यवार प्रदर्शन में मध्य प्रदेश सर्वाधिक 1,83,113 कार्यकर्ताओं के साथ अग्रणी रहा। त्रिपुरा ने प्रति बूथ ~20 कार्यकर्ता और 85 प्रतिशत पूर्णता दर हासिल की। अरुणाचल प्रदेश और चंडीगढ़ में प्रति बूथ 5+ भागीदारी रही, जबकि छत्तीसगढ़ (90प्रतिशत ), अरुणाचल प्रदेश (89 प्रतिशत ), मध्य प्रदेश (87प्रतिशत ), त्रिपुरा (85प्रतिशत ), हिमाचल प्रदेश (85प्रतिशत ), नागालैंड (83 प्रतिशत ) और लद्दाख (83 प्रतिशत ) ने 80 प्रतिशत से अधिक पूर्णता दर दर्ज की।
चुग ने विश्वास जताया कि जल्द ही हर बूथ पर कम से कम दस पूर्ण प्रशिक्षित डिजिटल कार्यकर्ता तैयार होगा, जो संगठन की सबसे बड़ी शक्ति बनेगा। हर कार्यकर्ता प्रशिक्षित, हर बूथ डिजिटल रूप से सशक्त इसी संकल्प के साथ अभियान आगे बढ़ रहा है।

