Pal Pal India

भाजपा की कुनीतियों से हरियाणा विनाश की ओर: अभय सिंह चौटाला

 कहा, विकास के लिए जनता करे सत्ता परिवर्तन
 
 भाजपा की कुनीतियों से हरियाणा विनाश की ओर: अभय सिंह चौटाला

 सिरसा14 जुलाई  इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा की कुनीतियों ने हरियाणा को पूरी तरह से विनाश के कगार पर ला दिया है जिससे प्रदेशवासियों में निराशा का भाव है और वे सत्ता परिवर्तन को उत्सुक हैं। वे मंगलवार को ऐलनाबाद हलके में अपने चार दिवसीय जनसंपर्क अभियान के अंतिम चौथे दिन गांव मल्लेकां, केसुपुरा, कोटली, कुत्ताबढ़, रत्ताखेड़ा, हिमायुंखेड़ा, शेखूखेड़ा, कृपालपट्टी, मौजूखेड़ा, बुढ़ीमेड़ी, प्रतापनगर, अमृतसर कलां, अमृतसर खुर्द, मिर्जापुर, ठोबरियां, थेहड़ दया सिंह, तलवाड़ा, ढाणी मौजू व ऐलनाबाद शहर में ग्रामीणों से रूबरू हो रहे थे। उन्होंने कहा कि विकास का दम भरने वाली भाजपा के शासन में हरियाणा बेरोजगारी में नंबर वन एक पर पहुंचा दिया है। इतना ही नहीं हरियाणा की कानून व्यवस्था पूरी तरह से बदहाल हो चुकी है। यदि आंकड़ों पर निगाह डालें तो हरियाणा में प्रतिदिन 46 महिलाओं के साथ छेडख़ानी और दुष्कर्म की घटनाएं होती हैं। प्रतिदिन 13 महिलाओं का अपहरण होता है। ऐसी व्यवस्था में परिवर्तन के लिए अब हरियाणा के लोगों ने ठान लिया है और प्रदेश के सही विकास के लिए इनेलो को विकल्प के रूप में देख रहे हैं। इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा कि आज प्रदेश के स्कूलों में जहां शिक्षकों की व्यापक कमी है वहीं अस्पतालों में भी चिकित्सकों की कमी है जिसके चलते आमजन काफी प्रभावित होता है। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी के चलते हालात ऐसे हो गए हैं कि युवा नशे की दलदल में धंस गए हैं और उन्होंने अपराधों को अंजाम देना आरंभ कर दिया है। उन्होंने कहा कि किसानों को लाभान्वित करने की झूठी घोषणाओं के आधार पर भ्रमित किया जा रहा है। किसानों को आज भी उनकी फसल की लागत मूल्य नहीं दी जा रही जिसके चलते वे आर्थिक तौर पर कमजोर हो चुके हैं। भाजपा शासन में महंगाई पर नियंत्रण न होने के कारण आम आदमी का रसोई चलाना मुश्किल हो गया है। पेट्रो पदार्थों में बढ़ाई गई कीमतों ने आमजन की कमर भी तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा धर्म के नाम पर देश को बांटने पर तुली है वहीं कांग्रेस में आपसी फूट के चलते आमजन के लिए लाभ प्रदान करने वाली योजनाएं पटल से शून्य हो गई हैं। इस दौरान लोगों ने इनेलो नेता का अभिनंदन करते हुए इनेलो को पहले से कहीं अधिक मजबूत बनाने का भरोसा दिया। इस दौरे के दौरान उनके साथ इनेलो के जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा, पवन बेनीवाल, विनोद बेनीवाल, होशियार सिंह खोड, मंदर सिंह, जसविंद्र बिंदु, मास्टर गुरतेज सुखचैन, सुरेंद्र बाना, युवा इनेलो जिलाध्यक्ष भगवान कोटली, गुरविंद्र सिंह सरपंच, कश्मीर सिंह करीवाला, दिनेश बेनीवाल, सूरजभान बोमरा, विनोद रोज, जिला पार्षद प्रतिनिधि जसवीर शीलू,सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।