Pal Pal India

24 फसलों पर एमएसपी की गारंटी का वादा करने वाली भाजपा आज किसानों को जवाब दे : कुमारी सैलजा

 
 24 फसलों पर एमएसपी की गारंटी का वादा करने वाली भाजपा आज किसानों को जवाब दे : कुमारी सैलजा

 चंडीगढ़, 19 जून।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की सदस्य, सिरसा लोकसभा क्षेत्र की सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने कहा है कि किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य दिलाने के बड़े-बड़े दावे करने वाली भाजपा सरकार आज यह स्पष्ट करे कि 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी का उसका वादा आखिर कहां गया।

कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा सहित देश के अनेक हिस्सों में मक्का उत्पादक किसान अपनी फसल को औने-पौने दामों पर बेचने को मजबूर हैं। जिस मक्के का घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य 2410 रुपये प्रति क्विंटल है, वह कई मंडियों में लगभग 1300 रुपये प्रति क्विंटल तक बिक रहा है। इससे किसानों को प्रति क्विंटल हजार रुपये से अधिक का नुकसान उठाना पड़ रहा है। सांसद ने कहा कि किसान पूरे वर्ष मेहनत करता है, मौसम की मार झेलता है, बढ़ती लागत का बोझ उठाता है और जब फसल मंडी तक पहुंचती है तो उसे अपनी उपज का उचित मूल्य भी नहीं मिल पाता। यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। यदि सरकार एमएसपी घोषित करती है तो यह उसकी जिम्मेदारी है कि किसानों को उस मूल्य पर खरीद की प्रभावी व्यवस्था भी उपलब्ध कराए। कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा ने किसानों से अनेक वादे किए थे, लेकिन वास्तविकता यह है कि किसान आज भी लागत, कर्ज और बाजार की अनिश्चितताओं से जूझ रहा है। किसानों को केवल घोषणाएं नहीं बल्कि उनकी उपज का सुनिश्चित और लाभकारी मूल्य चाहिए। 

सांसद ने मांग की कि केंद्र और राज्य सरकार तुरंत हस्तक्षेप कर मक्का सहित सभी घोषित एमएसपी फसलों की प्रभावी सरकारी खरीद सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिल सके और उन्हें आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके। कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर आवाज उठाती रही है और आगे भी किसानों के अधिकारों तथा सम्मानजनक आय के लिए संघर्ष जारी रखेगा।

बॉक्स

सैलजा दी राहुल गांधी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं

सांसद कुमारी सैलजा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

उन्होंने कहा कि देश के युवाओं की आवाज़, करोड़ों भारतीयों की उम्मीद और संविधान की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत राहुल गांधी का जनहित, सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण देशभर के युवाओं, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों को प्रेरित करता है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में न्याय, समानता और भाईचारे के मूल्यों की लड़ाई और अधिक मजबूती से आगे बढ़ रही है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि राहुल गांधी को उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर शक्ति प्रदान करें।