वोट चोरी के सहारे सत्ता बचाना चाहती है भाजपा, लोकतंत्र और संविधान पर हो रहा हमला : कुमारी सैलजा

चंडीगढ़/कालका, 21 अक्टूबर। सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं CWC सदस्य कुमारी सैलजा ने बुधवार को पंचकूला जिले के कालका में आयोजित 'वोट बचाओ, देश बचाओ' जन आंदोलन के तहत पदयात्रा में भाग लेते हुए भाजपा सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता का विश्वास जीतने के बजाय वोट चोरी के सहारे सत्ता बचाने का प्रयास कर रही है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के नाम पर मतदाता सूचियों से लाखों लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं। गरीबों, दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और वंचित वर्गों के मताधिकार को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने इसे संविधान प्रदत्त मतदान के अधिकार पर सीधा हमला बताया।
उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर कथित वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं, लेकिन चुनाव आयोग संतोषजनक जवाब देने के बजाय भाजपा के पक्ष में खड़ा दिखाई दे रहा है। निष्पक्ष चुनाव कराना आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी है।
कुमारी सैलजा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से तत्काल इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि SIR प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए तथा मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष जारी रखेगी। भाजपा को जनता का वोट छीनने नहीं दिया जाएगा।
पदयात्रा में पंचकूला के विधायक चंद्रमोहन, कालका के पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुधा भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

