Pal Pal India

धर्म के नाम पर वोट मांग रही भाजपा: प्रियंका गांधी​​​​​​​

 
 धर्म के नाम पर वोट मांग रही भाजपा: प्रियंका गांधी​​​​​​​ 
ऊना, 28 मई  ऊना जिला में बढ़ती गर्मी के बीच चुनावी सरगर्मियां भी खूब जोरों पर हैं। कांग्रेस-भाजपा पार्टी के स्टार प्रचारक और दिग्गज नेता अपने प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने के लिए जनसभाएं कर रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की गगरेट विधानसभा क्षेत्र में प्रियंका गांधी वाड्रा ने जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर लोगों को धर्म के नाम पर बांटने के आरोप लगाएं।
प्रियंका गांधी ने कहा कि वर्ष 2014 में जब से मोदी सरकार सत्ता में आई है तब से जनता को केवल और केवल धर्म व जात्ति के नाम पर ही बांटा जा रहा है। महंगाई, बेरोजगारी व जनता से जुडे अन्य मुद्दे भाजपा नेताओं के भाषणों से गायब हैं। देश में 70 करोड़ लोग बेरोजगार हैं 50 सालों में इतनी बेरोजगारी भारत में नही हुई, जितनी मोदी सरकार में है।
उन्होंने कहा कि आज देश के हालात अच्छे नही हैं। बहुत लोग भगवान का नाम लेते हैं, लेकिन भगवान का काम कौन करता है ये समझने की बात है। जब भगवान का नाम वोट लेने के लिए इस्तेमाल होता है तो हमें सावधान होना चाहिए। 10 सालों में ये तीसरा चुनाव है और लोकसभा के दो चुनाव निकल गए। इन चुनावों में भाजपा का सारा प्रचार धर्म के नाम पर ही रहा है। पहला चुनाव धर्म के नाम पर लड़ा लोगों को लगा कि अच्छी सरकार आएगी। चुनावी समय में बड़े-बड़े वायदे भाजपा के नेताओं ने किये थे कि किसानों की आय को दोगुना करेंगे। दो करोड़ युवाओं को रोजगार देंगें और काला धन वापिस लाएंगे और लोगों के खातों में 15-15 लाख रूपए डालेंगे। ऐसे ही करके पांच साल निकल गए। जब दूसरा चुनाव 2019 में आया तो भी जनता से धर्म के नाम पर वोट मांगे गए। लेकिन ना तो देश के हालात सुधरे और ना ही युवाओं को रोजगार मिला।
प्रियंका गांधी ने कहा कि विकास की राजनीति पर धर्म की राजनीति हावी हो रही है। जिसे जनता को समझने की जरूरत है अगर हम समय रहते नही समझे तो भारत का संविधान खतरे में आ जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल को वीरभूमि के नाम से भी जाना जाता है और देश की रक्षा के लिए हिमाचल वासियों ने अपने बच्चों का बलिदान दिया है। शहीद परिवारों का दर्द मैं समझ सकती हूं क्योंकि मैं भी एक शहीद परिवार से ही हूं। मेरी दादी और पिता जी इस देश के लिए शहीद हो गए। लेकिन मोदी सरकार ने अग्निवीर योजना शुरू करके शहीद व उनके परिवारों के साथ विश्वासघात किया है। देश के सभी बड़े-बड़े प्रोजैक्ट खरबपतियों को दे दिए।