Pal Pal India

आम आदमी पार्टी पर आतंकी संगठन से फंड लेने का आरोप, भाजपा ने किया विरोध प्रदर्शन

 
  आम आदमी पार्टी पर आतंकी संगठन से फंड लेने का आरोप, भाजपा ने किया विरोध प्रदर्शन
नई दिल्ली, 7 मई  आतंकवादी संगठन से आम आदमी पार्टी द्वारा फंड लिये जाने के आरोप पर दिल्ली भाजपा ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी मुख्यालय के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस द्वारा लगाए गए बेरीकेड को तोड़कर आम आदमी पार्टी कार्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद दूसरे बेरीकेड्स के सामने उन्हें रोका गया और पुलिस ने उन्हें हिरासत में थाना आई.पी. एक्सटेंशन ले गई, जहां से कुछ देर बाद चेतावनी दे कर छोड़ दिया।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह जग जाहिर है कि आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार एवं दलाली में लिप्त हैं लेकिन इससे अधिक शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता कि जो लोग देश को तोड़ेने की बात करते हैं आज "आप" उसी टुकड़े-टुकड़े गैंग का साथ देती है और जो आतंकी संगठन बैन है, उससे चंदा लेने का काम करती है। वीरेन्द्र सचदेवा ने दिल्ली के उपराज्यपाल का आभार व्यक्त किया, क्योंकि उन्होंने इस मामले में जांच कराने के आदेश दिए हैं।
सचदेवा ने कहा कि राजनीति में मनभेद या मतभेद हो सकता है लेकिन देश की सुरक्षा के साथ कभी भी समझौता नहीं करना चाहिए। आज आम आदमी पार्टी के राजनीतिक चरित्र को इसी से समझा जा सकता है कि वह आतंकी संगठन से चंदा लेने से भी पीछे नहीं हटे। उन्हें शहीद-ए-आजम भगत सिंह का नाम लेने वाले अरविंद केजरीवाल और उनके मंत्री को शर्म आनी चाहिए कि वह देश के दुश्मनों के साथ मिलकर शहीदों की शहादत को शर्मसार कर रहे हैं।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देश के दुश्मन से 134 करोड़ रुपये लेकर आम आदमी पार्टी ने देशद्रोह का काम किया है, इसके लिए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अपना शीशमहल खड़ा करने के लिए आम आदमी पार्टी के नेता देश के दुश्मनों के एजेंट बन गए, इससे शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता।
दिल्ली भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी एवं कांग्रेस दोनों पार्टियां माओवादी विचारधारा की हैं और उसी के अनुसार काम करती हैं। ये सिर्फ जातीय हिंसा फैलाने का काम करती हैं। यह फंड लेकर राष्ट्रविरोधी काम तो कर ही रहे हैं लेकिन साथ ही इन्होंने भ्रष्टाचार का काम भी किया है। आम आदमी पार्टी इकलौती पार्टी है, जिसमें भ्रष्टाचार और देश विरोध दोनों एक साथ भरा हुआ है।
सरदार आरपी सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली सरकार में भ्रष्टाचार के जनक हैं, दिल्ली सरकार के हर भ्रष्टाचार का उनसे सीधा रिश्ता है और आतंकवादी संस्था तक से पैसे लेकर केजरीवाल ने दिखा दिया कि उनके नैतिक मूल्यों का पूरी तरह पतन हो चुका है।