अतिथि अध्यापकों को नियमित करने से बच रही भाजपा सरकार, हजारों रिक्त पदों पर भी नहीं हो रही भर्ती : कुमारी सैलजा

21 वर्षों से सेवाएं दे रहे करीब 12 हजार अतिथि अध्यापकों का भविष्य अधर में, शिक्षकों की कमी से सरकारी स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई हो रही प्रभावित
हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुरूप पात्र अतिथि अध्यापकों को नियमित करे सरकार और रिक्त पदों पर शीघ्र शुरू करे स्थायी भर्ती : सैलजा
चण्डीगढ़, 24 नवंबर।
सिरसा की सांसद, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा के सरकारी स्कूलों में पिछले करीब 21 वर्षों से सेवाएं दे रहे लगभग 12 हजार अतिथि अध्यापक आज भी नियमितीकरण की प्रतीक्षा कर रहे हैं। वर्षों तक प्रदेश के लाखों बच्चों का भविष्य संवारने वाले इन शिक्षकों को अपने ही भविष्य की चिंता सताना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा सरकार को इन अनुभवी अध्यापकों की समस्याओं का संवेदनशीलता और न्यायसंगत तरीके से समाधान करना चाहिए।
मीडिया को जारी बयान में कुमारी सैलजा ने कहा कि अतिथि अध्यापकों के नियमितीकरण से जुड़े मामलों में माननीय पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देशों तथा लागू कानूनी प्रावधानों के अनुरूप सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह पात्र शिक्षकों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए स्पष्ट नीति और समयबद्ध कार्ययोजना प्रस्तुत करे।
कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश की सरकारी शिक्षा व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। एक ओर हजारों अतिथि अध्यापक नियमितीकरण के लिए संघर्ष कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सरकारी स्कूलों में अध्यापकों के हजारों पद रिक्त पड़े हैं। भाजपा सरकार न तो अतिथि अध्यापकों की समस्याओं का स्थायी समाधान कर रही है और न ही रिक्त पदों पर पर्याप्त संख्या में नए अध्यापकों की नियमित नियुक्तियां कर रही है। इसका सीधा असर सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों की शिक्षा पर पड़ रहा है।
सांसद ने कहा कि कांग्रेस हमेशा शिक्षकों के सम्मान, रोजगार की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण सरकारी शिक्षा की पक्षधर रही है। शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अनुभवी अध्यापकों के हितों की रक्षा के साथ-साथ योग्य युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार के अवसर देना भी आवश्यक है।
कुमारी सैलजा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मांग की कि सरकार हाईकोर्ट के लागू निर्देशों का पालन करते हुए पात्र अतिथि अध्यापकों के नियमितीकरण की प्रक्रिया बिना अनावश्यक देरी के आगे बढ़ाए। साथ ही सभी रिक्त शिक्षकीय पदों का विवरण सार्वजनिक कर नियमित भर्ती का समयबद्ध कार्यक्रम घोषित करे।
कुमारी सैलजा ने कहा कि शिक्षकों का भविष्य असुरक्षित रखकर बच्चों का भविष्य सुरक्षित नहीं बनाया जा सकता। प्रदेश सरकार को शिक्षा और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर राजनीतिक बयानबाजी के बजाय ठोस निर्णय लेने चाहिए।

