Pal Pal India

अब तक बैंकों को 2 हजार रुपये के 98.45 फीसदी नोट वापस मिले : आरबीआई

 
  अब तक बैंकों को 2 हजार रुपये के 98.45 फीसदी नोट वापस मिले : आरबीआई
मुंबई, 01 अप्रैल  देश के बैंकों को अब तक 2 हजार रुपये मूल्य वर्ग के 98.45 फीसदी नोट वापस मिल चुके हैं। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) बुधवार को स्पष्ट किया कि 2,000 रुपये के नोट अभी भी वैध मुद्रा बने हुए हैं।
आरबीआई ने 19 मई, 2023 को 2,000 रुपये मूल्य वर्ग के नोटों को चलन से वापस लेने की घोषणा की थी। बैंक के मुताबिक 19 मई, 2023 को कारोबार समाप्ति के समय चलन में मौजूद 2,000 रुपये मूल्य वर्ग के नोटों का कुल मूल्य 3.56 लाख करोड़ रुपये था, जो 31 मार्च 2026 को घटकर 5,501 करोड़ रुपये रह गया है। रिजर्व बैंक ने कहा कि इस तरह 19 मई, 2023 तक चलन में मौजूद 2,000 रुपये के नोट में से 98.45 प्रतिशत अब तक वापस आ चुका है।
केंद्रीय बैंक ने बताया कि 2 हजार रुपये के नोटों को बदलने की सुविधा उसके 19 निर्गम कार्यालयों में उपलब्ध है। ये कार्यालय व्यक्तियों और इकाइयों के बैंक खातों में जमा के लिए भी ऐसे नोट स्वीकार कर रहे हैं। इसके अलावा आम जनता देश के किसी भी डाकघर से भारतीय डाक के जरिये 2,000 रुपये के नोट आरबीआई के किसी भी निर्गम कार्यालय को भेजकर अपने बैंक खाते में जमा करा सकते हैं। साथ ही आरबीआई ने यह स्पष्ट किया कि 2,000 रुपये के नोट अभी भी वैध मुद्रा बने हुए हैं।