जागरूक नागरिक लें अनाथ सिरसा की जिम्मेदारी : सचदेवा

सिरसा 11 अक्टूबर पिछले एक दशक में सिरसा में भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ टूट गए हैं और इसके विकास की जगह बुरी तरह विनाश कर दिया गया है। यह आरोप सिरसा विकास मिशन के अध्यक्ष प्रदीप सचदेवा ने सोमवार को यहां जारी बयान में लगाये। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मिटाने के सरकारी दावों के उलट ऐसा लगता है कि जैसे अधिकारियों को सरकार की और से ही सिरसा को लूटने की पूरी छूट मिली हुई है और हर सरकारी कार्यालय में भ्रष्टाचार का कई गुना विकास इस दशक में हुआ है। सचदेवा ने कहा कि इस सब के बावजूद सिरसा वासियों के दुःख को समझने वाला कोई नहीं है, राजनेताओं ने भी बुरी तरह निराश किया है और लोग खुद को अनाथ समझने लगे हैं। ऐसे में उनका मानना है कि सिरसा के जागरूक नागरिकों को संगठित हो कर सिरसा की आवाज बनना चाहिए। सचदेवा ने कहा कि सिरसा विकास मिशन आगामी दिनों में ऐसे जिम्मेदार लोगों को जोड़कर सिरसा वासियों के मसलों पर आवाज बुलंद करेगा और उन्हें राहत दिलवाने के जोरदार प्रयास करेगा। उन्होंने नगर के सभी जागरूक नागरिकों को आगे आ कर इस मिशन में बढ़चढ़ कर साथ देने का आह्वान किया है।

