Pal Pal India

ऑस्ट्रेलिया ने खेल विश्वविद्यालय और अस्पताल खोलने की पेशकश की

 
ऑस्ट्रेलिया ने खेल विश्वविद्यालय और अस्पताल खोलने की पेशकश की

पल पल न्यूज: चंडीगढ़, 3 मई।  हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री  अनिल विज ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के उद्यमियों ने हरियाणा के साथ आपसी सहयोग के तहत राज्य में खेल विश्वविद्यालय खोलने की पेशकश की हैं। इसके अलावा, ऑस्ट्रेलिया के एक अन्य उद्यमी ने राज्य में 1500 बिस्तर का अस्पताल खोलने की भी पेशकश उनके साथ हुई एक बैठक के दौरान की।

विज ने यह जानकारी बुधवार को ऑस्ट्रेलिया दौरे से वापस लौटने के उपरांत मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने कहा कि राज्य में खेल विश्वविद्यालय और 1500 बिस्तर का अस्पताल खोलने के लिए पत्र प्रदेश सरकार की ओर से भेजने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं ताकि इन दोनों प्रोजेक्टों को शीघ्र अति शीघ्र सिरे चढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के परिवहन एवं सिटी सर्विसेज के मंत्री   क्रिस्टोफर जेम्स स्टील से भी उनकी मुलाकात हुई। इस मुलाकात में विभिन्न क्षेत्रों में हरियाणा और ऑस्ट्रेलिया के बीच आपसी सहयोग देने पर चर्चा और विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के परिवहन मंत्री को हरियाणा आने का न्योता भी दिया है। इस पर ऑस्ट्रेलिया के मंत्री ने हरियाणा आने के निमंत्रण को स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलिया की सरकार के साथ विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने के लिए भी आगे की कार्यवाही की जा रही है।

ऑस्ट्रेलिया में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भगवत गीता का दिव्य ज्ञान हरियाणा के कुरूक्षेत्र की धरती पर दिया गया था। इस ज्ञान में मनुष्य की हर कठिनाई का समाधान बताया गया है। साथ ही लोक-परलोक सिद्ध करने हेतु बताया गया है। उन्होंने बताया कि यह ज्ञान हरियाणा वासियों, कुरूक्षेत्रवासियों, किसी क्षेत्र, किसी जाति, किसी धर्म के लिए नहीं हैं बल्कि यह ज्ञान पूरी मानव जाति के लिए हैं। इससे सीख लेकर सफल जीवन जिया जा सकता है। इस कार्यक्रम में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद   महाराज सहित अन्य संत समाज और विद्धान उपस्थित थे।