इतिहास के पन्नों में 04 अगस्त: बहुमुखी प्रतिभा के धनी किशोर कुमार का जन्मदिन
Aug 3, 2025, 12:59 IST

भारतीय सिनेमा जगत पर अमिट छाप छोड़ने वाले किशोर कुमार का जन्म 04 अगस्त 1929 को मध्य प्रदेश के खंडवा में हुआ था। किशोर दा न केवल लोकप्रिय गायक थे, बल्कि एक बेहतरीन अभिनेता, निर्देशक, निर्माता और गीतकार भी थे। उनकी आवाज में वह जादू था, जो हर उम्र, हर पीढ़ी को बांध कर रखता है। उन्होंने रोमांटिक, हास्य, दर्द भरे और जोशीले गीतों को अपनी अनोखी शैली से अमर बना दिया। सन् 1958 में आई फिल्म 'चलती का नाम गाड़ी' को देश की पहली पूर्ण हास्य फिल्म माना जाता है। इस फिल्म में किशोर कुमार ने अपने भाइयों अशोक कुमार और अनूप कुमार के साथ अभिनय किया और ऐसा हास्य रचा कि वह आज भी भारतीय कॉमेडी सिनेमा की मिसाल है। किशोर कुमार ने पारंपरिक गायकी से हटकर अपनी आवाज में तरह-तरह के प्रयोग किए, कभी सीटी बजाई, कभी हंसी डाली, कभी अजीबोगरीब ध्वनियां बनाई और यही उन्हें बाकी गायकों से अलग करता है। उन्होंने राजेश खन्ना, अमिताभ बच्चन, देव आनंद जैसे दिग्गज अभिनेताओं की आवाज बनकर उन्हें सुपरस्टार बनाने में अहम भूमिका निभाई।

