Pal Pal India

पंजाब भाजपा के बूथ सम्मेलन में कार्यकर्ताओं ने निगम चुनावों का किया जोरदार शंखनाद

 'वोट चोरी' का राग अलापने वालों के पैरों तले जमीन खिसकी : नितिन नवीन
 
  पंजाब भाजपा के बूथ सम्मेलन में कार्यकर्ताओं ने निगम चुनावों का किया जोरदार शंखनाद

चंडीगढ़, 22 नवंबर । भारतीय जनता पार्टी ने आज सेक्टर-27 स्थित रामलीला मैदान में विशाल बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन के माध्यम से आगामी चंडीगढ़ नगर निगम चुनावों का जोरदार शंखनाद किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के चंडीगढ़ पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी और जोरदार नारों के साथ भव्य स्वागत किया। पूरे सम्मेलन स्थल पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। हजारों की संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं के जोश, उत्साह और उमंग ने संगठन की चुनावी तैयारियों का स्पष्ट संदेश दिया।
सम्मेलन में 'भारत माता की जय', 'भाजपा जिंदाबाद' और 'कमल खिलाना है, भाजपा को जिताना है' जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर चंडीगढ़ के सभी मंडलों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का विश्वास व्यक्त किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया तथा आगामी नगर निगम चुनावों के लिए चुनावी रणभेरी बजा दी।
अपने संबोधन की शुरुआत 'भारत माता की जय' और 'सत श्री अकाल' के उद्घोष के साथ करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि वे गुरु गोबिंद सिंह जी की पावन नगरी पटना से आए हैं और आज उन्हें चंडीगढ़ में 'मिनी भारत' के दर्शन हो रहे हैं। जिस प्रकार समाज के हर वर्ग के लोगों ने उनका स्वागत किया, उसे देखकर नितिन नवीन ने कहा कि समाज में एकता व समरसता का यह एक अनूठा उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है, जिसका कार्यकर्ता 12 महीने, 24 घंटे और हर दिन संगठन एवं राष्ट्रहित के लिए समर्पित रहता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा की असली ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत संगठन है। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही पार्टी की चुनावी सफलता का आधार है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के बीच जाने और केंद्र सरकार की उपलब्धियों तथा पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में देश को ऐसा दूरदर्शी नेतृत्व मिला है, जो 140 करोड़ देशवासियों की आशाओं और आकांक्षाओं पर खरा उतर रहा है। जो भारत कभी दुनिया के कमजोर देशों में गिना जाता था, वह आज विश्व की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर योजना ने सरकारी योजनाओं में बिचौलियों की भूमिका समाप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज देश में 2 लाख से अधिक स्टार्टअप युवाओं के लिए नए अवसर पैदा कर रहे हैं। युवा अब केवल नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बन रहे हैं।
कोरोना काल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश ने ताली-थाली के माध्यम से एकजुटता का परिचय दिया और स्वदेशी वैक्सीन के जरिए न केवल देशवासियों को सुरक्षा प्रदान की, बल्कि विश्व के अनेक देशों की भी सहायता की। राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए नितिन नवीन ने कहा कि कुछ लोग इस देश का खाते हैं और विदेशों में जाकर देश का अपमान करते हैं। उन्हें देश के विकास की नहीं, बल्कि केवल अपने परिवार और पार्टी की चिंता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने ही वरिष्ठ नेताओं, जैसे पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव और पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का भी उचित सम्मान नहीं किया।
प्रधानमंत्री के साथ बहस की चुनौती पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी से तर्क के साथ बहस करने के लिए प्रधानमंत्री की आवश्यकता नहीं है, भाजपा का एक मंडल अध्यक्ष ही इसके लिए पर्याप्त है। 'वोट चोरी' के आरोपों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग लगातार ऐसे बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं, उनके पैरों के नीचे से राजनीतिक जमीन खिसक चुकी है। आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली से इनका सफाया हो चुका है और अब चंडीगढ़ के रास्ते पंजाब से भी इन्हें समाप्त किया जाएगा। उन्होंने समाज और लोकतंत्र के लिए अर्बन नक्सलवाद के खतरे के प्रति भी आगाह किया।
नितिन नवीन ने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वाभिमान के लिए 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' जैसा ऐतिहासिक कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उठाया गया है। उनका कहना था कि भाजपा इसे लागू करने के लिए संकल्पित है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी चंडीगढ़ नगर निगम चुनावों के लिए भाजपा का संकल्प पत्र जनता के सुझावों और सहभागिता से तैयार किया जाएगा, ताकि शहर के प्रत्येक वर्ग की आवश्यकताओं और अपेक्षाओं को उसमें स्थान मिल सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2024 के चुनावी अनुभवों से सीख लेते हुए आपसी मतभेद भुलाकर पूरी एकजुटता के साथ आगामी चुनावों में जुटने और चंडीगढ़ में फिर से कमल खिलाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर चुनाव प्रभारी सतीश उपाध्याय, प्रदेश प्रभारी मोहिंदर पांडे, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन एवं अरुण सूद, पूर्व सांसद सतपाल जैन, महापौर सौरभ जोशी, सीनियर डिप्टी मेयर जसमानप्रीत सिंह, डिप्टी मेयर सुमन सहित पार्टी के सभी जिला अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, पूर्व महापौर, वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में बूथ स्तर के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सम्मेलन का समापन कार्यकर्ताओं के भारी उत्साह और आगामी नगर निगम चुनावों में भाजपा की जीत के संकल्प के साथ हुआ। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि चंडीगढ़ के सभी मंडलों और बूथों पर संगठन को और अधिक मजबूत करते हुए भाजपा की जीत सुनिश्चित की जाएगी।