Pal Pal India

किशोरी से यौन शोषण के मामले में भडक़ा गुस्सा, ग्रामीणों ने 4 घंटे जाम रखा सिरसा-चंडीगढ़ हाईवे; मां व पड़ोसी पर पॉक्सो एक्ट में केस

 
  किशोरी से यौन शोषण के मामले में भडक़ा गुस्सा, ग्रामीणों ने 4 घंटे जाम रखा सिरसा-चंडीगढ़ हाईवे; मां व पड़ोसी पर पॉक्सो एक्ट में केस

 फतेहाबाद, 19 नवंबर  जिले के भूना थाना क्षेत्र के एक गांव की 14 वर्षीय किशोरी के साथ यौन शोषण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। किशोरी की शिकायत पर पुलिस ने उसकी मां और पड़ोसी गांव टिब्बी निवासी करीब 45 वर्षीय अजय मील के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), पॉक्सो एक्ट और किशोर न्याय (जेजे) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को सिरसा-चंडीगढ़ स्टेट हाईवे-2 पर शहीद भगत सिंह पार्क के समीप करीब चार घंटे तक जाम लगाकर रोष प्रदर्शन किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कंवर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर डटे रहे। इसके बाद डीएसपी नर सिंह बिश्नोई ने भी प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। ग्रामीणों का आरोप था कि चार दिन पहले शिकायत सौंपने के बावजूद पुलिस ने ठोस कार्रवाई करने के बजाय मामले में समझौता करवाने का प्रयास किया। अंतत: भूना के तत्कालीन थाना प्रभारी एवं वर्तमान जिला सुरक्षा प्रभारी सुरेंद्र द्वारा निष्पक्ष और सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने हाईवे से जाम हटाया।महिला अधिवक्ता के समक्ष किशोरी ने बयां की आपबीतीपीडि़त किशोरी ने महिला अधिवक्ता के सामने दर्ज करवाए गए बयान में रोंगटे खड़े कर देने वाले आरोप लगाए हैं। किशोरी के अनुसार, उसके पिता को नशे की लत है, जिसके चलते घर में अक्सर कलह रहती थी। इसी बीच मकान निर्माण के लिए उसकी मां ने पड़ोसी गांव टिब्बी के अजय मील से रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि बाद में अजय उनके घर से दुधारू भैंस ले गया और उसकी मां अपनी दिहाड़ी मजदूरी की कमाई भी उसे देती रही। किशोरी ने आरोप लगाया कि 1 अगस्त 2026 को उसकी मां ने उसे अजय मील के हवाले कर दिया, जिसके बाद 15 अगस्त तक उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया और इस दौरान उसकी मां भी वहीं मौजूद रहती थी। पीडि़ता ने बताया कि 17 अगस्त को उसने अपनी मौसी और स्कूल के मुख्याध्यापक अनूप को लिखित शिकायत देकर पूरी घटना से अवगत कराया था, लेकिन इसके बावजूद न्याय मिलने में देरी हुई।पॉक्सो व जेजे एक्ट के तहत मामला दर्ज, जांच शुरूमामला संज्ञान में आने के बाद गांव के युवाओं और ग्रामीणों ने एकजुट होकर किशोरी को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नाबालिग के साथ हुए इस जघन्य अपराध में समझौते की कोई गुंजाइश नहीं है और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर उसकी मां और अजय मील के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट की धारा 6 व 17, जेजे एक्ट की धारा 75 तथा बीएनएस की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा किशोरी का मेडिकल परीक्षण करवाने के साथ ही आगामी जांच तेज कर दी गई है।