21 जुलाई को संसद का घेराव करेगी अखिल भारतीय महिला कांग्रेस: कृष्णा फौगाट

सिरसा। संसद में महिलाओं के 33 फीसदी आरक्षण की मांग को लेकर अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के बैनर तले आगामी 21 जुलाई को दिल्ली के जंतर मंतर पर पूरे देशभर से महिलाएं एकत्रित होंगी और अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा के नेतृत्व में संसद घेराव करेंगी। यह बात गुरुवार को जिला महिला कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णा फौगाट ने जिला महिला कांग्रेस की अनेक महिलाओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि महिलाओं को संसद में 33 फीसदी आरक्षण दिलाने के लिए अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के संघर्ष का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में अब आगामी 21 जुलाई को दिल्ली स्थित जंतर मंतर पर देशभर से लाखों की संख्या में महिलाएं एकत्रित होकर अपने अधिकार के लिए आवाज़ बुलंद करेंगी। उन्होंने कहा कि देश व समाज के विकास में देश की महिलाओं का खासा योगदान है जिसे किसी भी रूप में भुलाया नहीं जा सकता मगर भाजपा देश की महिलाओं को उसकी राजनीतिक क्षेत्र में भागेदारी देने से पीछे हट रही है जो निंदनीय है। कृष्णा फौगाट ने कहा कि अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की ओर से महिलाओं के इस अधिकार के लिए पूरे देश में जहां सडक़ों पर संघर्ष कर रही है वहीं हस्ताक्षर अभियान आदि चलाकर भी भाजपा शासन को सद्बुद्धि देने का प्रयास कर रही है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से आगामी 21 जुलाई को गांवों व शहर से ज्यादा से ज्यादा संख्या में जंतर मंतर पर चलने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाने के लिए जागरूक किया। इस अवसर पर अंगूरी देवी वर्मा, कृष्णा भांभू, पुष्पा नारायण, संगीता देवी, रानी देवी, पूजा रानी, शकुंतला रानी, कांता देवी, कलावती देवी, वीणा रानी, संतोष गर्ग व नीलम आदि महिलाएं मौजूद थी।

