Pal Pal India

छह साल की दुश्मनी के बाद पंजाब के हितों की बात कर रहे अकाली-भाजपा : मान

  मोगा महारैली में मान ने विपक्ष पर साधा निशाना, सरकारी योजनाएं जारी रखने का दिया भरोसा
 
  छह साल की दुश्मनी के बाद पंजाब के हितों की बात कर रहे अकाली-भाजपा : मान

-मोगा, 26 नवंबर । पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को अपने स्थापना दिवस पर मोगा में 'खुशहाल पंजाब महारैली' का आयोजन किया। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधा।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आरोप लगाया कि अकाली दल और भाजपा का गठबंधन कृषि कानूनों को दोबारा लागू करवाने के लिए हुआ है। उन्होंने कहा कि छह साल तक एक-दूसरे का विरोध करने वाले दोनों दल अब पंजाब के हितों की बात कर रहे हैं। मान ने ग्रामीण विकास निधि, बंदी सिंहों की रिहाई और आनंदपुर साहिब के प्रस्ताव को लेकर भी सवाल उठाए।
मुख्यमंत्री ने 77 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां देने का दावा किया। उन्होंने कांग्रेस में कथित गुटबाजी पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी में मुख्यमंत्री पद के कई दावेदार हैं। इसके अलावा उन्होंने नहरी पानी, मोहल्ला चिकित्सालय और जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया। इससे पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने नए लाभार्थियों को राशन कार्ड वितरित किए। आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया के मुताबिक प्रदेश में 10 लाख नए लोगों को राशन कार्ड दिए जा रहे हैं।