Pal Pal India

चौधरी देवीलाल की नीतियों को बढ़ाएंगे आगे: अभय सिंह चौटाला

 बोले, नूंह में 27 सितंबर को लाखों लोग देंगे अपने आदर्श नेता को श्रद्धांजलि
 
 चौधरी देवीलाल की नीतियों को बढ़ाएंगे आगे: अभय सिंह चौटाला

 सिरसा। 09 अगस्त इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल एक व्यक्ति नहीं बल्कि पूरी संस्था थे, जिन्होंने सदैव राजनीतिक शुचिता को आदर्श मानकर अपना जीवन भी आदर्श रूप से जीया। इनेलो उन्हीं द्वारा लगाया गया पौधा था जो आज वटवृक्ष बनकर जनसेवा के अपने मुख्य उद्देश्य को पूरा कर रहा है। वे रविवार को अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान डबवाली में पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की विशाल बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इनेलो केवल एक राजनीतिक संगठन ही नहीं बल्कि सामाजिक संगठन भी है जिसमें सभी वर्गों व धर्मों के हितों को प्रमुखता दी जाती है। उन्होंने कहा कि 25 सितंबर को परंपरागत तौर पर मनाई जाने वाली चौधरी देवीलाल जयंती को इस बार नूंह में 27 सितंबर को मनाई जाएगी क्योंकि 25 सितंबर को मुस्लिम समाज का कोई आध्यात्मिक कार्यक्रम है, इसलिए उपरोक्त कार्यक्रम 27 सितंबर को निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल ने न केवल हरियाणा के मुख्यमंत्री रहते बल्कि देश के उपप्रधानमंत्री के तौर पर किसान, शोषित, कमजोर व समाज के सभी वंचित लोगों के हितों को प्रमुखता देते हुए अनेक कल्याणकारी नीतियां लागू की जिससे उपरोक्त वर्ग लाभान्वित हो रहे हैं। इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि चौधरी देवीलाल ही वो शख्सियत थे जिन्होंने बुजुर्गों के सम्मान में 100 रुपए प्रतिवर्ष पेंशन लागू की। साथ ही घुमंतु जाति के बच्चों की शिक्षा के लिए एक रुपया प्रतिदिन देना, जच्चा बच्चा सुरक्षा योजना, किसानों के कर्ज माफ करना आदि वे कार्य हैं जिनका अनुसरण देश की अन्य राज्य सरकारें कर रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान शासन की कुनीतियों से अजिज होकर अब प्रदेशवासी इनेलो की ओर देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से एक बार फिर इनेलो सत्तासीन होगी और उसके तुरंत बाद हरियाणा को चौधरी देवीलाल की सोच पर विकसित किया जाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से कहा कि वे इस जयंती कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से घर घर जाकर आमजन को जयंती कार्यक्रम का न्यौता दें। इससे पूर्व इनेलो प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा व इनेलो जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा ने भी पदाधिकारियों से कहा कि राजनीतिक क्षेत्र में आदर्श रहे चौधरी देवीलाल को नमन करने के लिए हरियाणा भर से लाखों लोग शिरकत करेंगे जिसमें सिरसा की भूमिका अहम होगी। जिलाध्यक्ष जस्सा ने कहा कि पिछली बार रोहतक में आयोजित कार्यक्रम में भी सिरसा ने अपनी अहम भूमिका निभाई थी। बाद में इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला, प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा व जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा आदि पार्टी नेताओं ने रानियां व ऐलनाबाद हलका के पदाधिकारियों की बैठक क्रमश: रानियां अनाजमंडी व मल्लेकां अनाजमंडी में ली और उन्हें भी इस जयंती कार्यक्रम में बढ़ चढक़र भाग लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर उनके साथ इनेलो नेता रवि सिंह चौटाला, मंदर सिंह सरां, विनोद अरोड़ा, वरिष्ठ नेता संदीप चौधरी, युवा इनेलो जिलाध्यक्ष भगवान कोटली, गौरव मोंगा, नगरपरिषद चेयरमैर टेकचंद छाबड़ा, संदीप गर्ग, लवली मेहता, संदीप गंगा, अजय जाखड़, कुलदीपक सहारण, कुलदीप सिंह जम्मू, गिरधारी लाल बिस्सू, कुलदीप गोदारा,राजू शर्मा, ओमप्रकाश फौजी, गुरप्रीत सिंह चहल, नरेश कुमार, गुरजीवन, मोहनलाल सहू, गुरमेल सिंह व गुरप्रेम सिंह आदि पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।