Pal Pal India

विधानसभा की कार्यवाही की फोटो एक्स पर अपलोड कर फंस गए आआपा विधायक जरनैल सिंह

 
  विधानसभा की कार्यवाही की फोटो एक्स पर अपलोड कर फंस गए आआपा विधायक जरनैल सिंह
NEW DELHI, 3 मार्च दिल्ली विधानसभा सत्र के आखिरी दिन सोमवार को आम आदमी पार्टी विधायक जरनैल सिंह के एक्स पर सदन की फोटो पोस्ट करने को लेकर हंगामा शुरू हो गया। जरनैल सिंह ने फोटो पोस्ट करते हुए लिखा कि दिल्ली विधानसभा में पहली बार ऐसा देखने को मिल रहा है कि बिना मंत्रियों के सदन में चर्चा चल रही है। सरकार की तरफ से जवाब कौन देगा? आआपा विधायक की इस पोस्ट पर भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने आपत्ति जताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा विधायक दीपक चौधरी प्वाइंट ऑफ ऑर्डर (नियमों के उल्लंघन के संबंध में प्रस्ताव) ले आए। इसके बाद दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने इस मामले को लेकर जरनैल सिंह से कहा कि वो पोस्ट डिलीट करके माफी मांगें। अध्यक्ष ने कहा कि ये विशेषाधिकार हनन का मामला है। पोस्ट को डिलीट करें। आपने सदन में फोटो क्यों खींची। सदन से माफी मांगें और कहें कि आगे से ऐसा नहीं करेंगे। इस पर जरनैल सिंह ने कहा कि सदन की कार्यवाही का लाइव टेलीकास्ट हो रहा है। क्या वो अपराध है? फिर मैं लाइव टेलीकास्ट डाल देता हूं। इस पर विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि सदन की फोटो खींचना गरिमा के अनुकूल नहीं है। उसके बाद जरनैल सिंह ने कहा कि फोटो डालने का विषय अनुचित है तो खेद प्रकट करता हूं। इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि लाइव टेलीकास्ट अध्यक्ष की अनुमति से होता है। आपने जो किया, वह नियम का उल्लंघन है। आपने खेद प्रकट किया, कोई भी पक्ष या विपक्ष इस तरह सदन का विशेषाधिकार हनन न करे। उन्होंने कहा कि ये नियम 261/25 का उल्लघंन है। सदन के सदस्य ने खेद प्रकट किया है। भविष्य में ऐसा ना करें। सदन आप से कह रहा है कि आप तुरंत फोटो डिलीट करें। हमारी जिम्मेदारी है कि हम जनता के मुद्दे पर चर्चा करें।
भाजपा विधायक अजय महावार ने सदन में कहा कि आआपा विधायक जरनैल सिंह का फोन जब्त किया जाए। ताकि लोकतंत्र के मूल्यों की रक्षा हो। सुबह से दस बार प्रेम जी पोस्टर लहरा चुके हैं। बार-बार मना करने पर भी मानते नहीं हैं। अभी पहला बजट भी नहीं आया। भाजपा विधायक सतीश उपाध्याय ने कहा कि ये सदन नियमों से चलता है। नेता विपक्ष आतिशी हर बात पर खड़ी हो रही हैं। आरोप लगा रहे हैं कि हमने वीडियो बनाए, सबूत दिखाएं। आतिशी बचकानी हरकतें कर रही हैं।