Pal Pal India

केजरीवाल की अवैध गिरफ्तारी को लेकर आम आदमी पार्टी का भाजपा के खिलाफ देश भर में प्रदर्शन​​​​​​​

 
  केजरीवाल की अवैध गिरफ्तारी को लेकर आम आदमी पार्टी का भाजपा के खिलाफ देश भर में प्रदर्शन​​​​​​​
नई दिल्ली, 29 जून  दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अवैध गिरफ्तारी और केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने शनिवार को देश भर में विरोध-प्रदर्शन किया। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत दिल्ली, उप्र, पंजाब, हरियाणा, तेलंगाना, महाराष्ट्र, गुजरात समेत देश के 21 राज्यों में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय का घेराव किया।
इस दौरान कई जगहों पर पार्टी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में भी लिया। राजधानी दिल्ली विरोध-प्रदर्शन का केंद्र रहा। दिल्ली सरकार के मंत्री, विधायक, पार्षद और पदाधिकारियों के अलावा दिल्ली के कोने-कोने से भारी संख्या में आए पार्टी कार्यकर्ता पहले पार्टी मुख्यालय पर एकत्र हुए। बीमार होने के बावजूद कैबिनेट मंत्री आतिशी भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया। यहां से वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में कार्यकर्ता नारे लिखे पोस्टर-बैनर लिए भाजपा मुख्यालय की तरफ कूच किए तो दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक लिया।
इसके विरोध में कार्यकर्ता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने भाजपा और मोदी सरकार की तानाशाही के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अरविंद केजरीवाल को जल्द रिहा करने की मांग की।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संगठन डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सीबीआई से अवैध गिरफ्तारी कराने के खिलाफ पार्टी ने देशभर के 21 राज्यों के भाजपा मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस देशव्यापी प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने तानाशाही के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिल्ली के प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि अरविंद केजरीवाल जेल में हैं तो उनके सिपाही सड़क पर उनकी आवाज बुलंद कर रहे हैं। दिल्ली के लोगों ने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में एक नया परिवर्तन किया। अरविंद केजरीवाल को दिल्ली के लोग अपना भाई-बेटा और हीरो मानते हैं। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली ने 30 फीसदी प्रदूषण कम किया है और गांवों के विकास के लिए 900 करोड़ रुपये आवंटित किया है। दिल्ली में मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी देश के दूसरे राज्यों की तुलना में दोगुना है। दिल्ली में सबसे ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगे हैं।
इसी दौरान कैबिनेट मंत्री इमरान हुसैन ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने देश में हर वर्ग के लिए आवाज उठाई है। ईडी की ट्रायल कोर्ट ने केजरीवाल को जमानत दे दी थी। कोर्ट के 25 पेज के आदेश में साफ-साफ लिखा था कि वह बेकसूर हैं। लेकिन आदेश आने से पहले ही ईडी ने हाई कोर्ट जाकर गैर कानूनी तरीके से उनकी जमानत रुकवा दी। वहीं आम आदमी की वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली विधानसभा की उपाध्यक्ष राखी बिड़लान ने कहा कि आम आदमी पार्टी की नींव रखने के साथ ही अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों को उनके अधिकार दिलाने का हमारा यह संघर्ष शुरू हुआ था।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता अपने घरों से बाहर निकली और उन लोगों को सत्ता से उखाड़ फेंका, जिन्होंने आखिरी पंक्ति में खड़े लोगें के हक और अधिकार हड़पने का प्रयास किया। यह शेर दिल्ली का लाल अरविंद केजरीवाल है। हम सबका भाई, दिल्ली का बेटा अरविंद केजरीवाल केवल भाजपा सरकार के गहरे षड़यंत्र की वजह से जेल के अंदर है।
वहीं आतिशी तबीयत होने के बाद भी वह भाजपा के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं। दिल्लीवालों के हक का पानी दिलाने के लिए आतिशी ने पानी सत्याग्रह किया था। वे अनशन पर चार दिनों तक बैठी रहीं और पांचवें दिन ब्लड शुगर और बीपी लो होने पर उनकी तबीयत खराब हो गई और उनको अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था। अब वो अस्पताल से घर आ चुकी हैं, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने के लिए बोला है। फिर भी वो अरविंद केजरीवाल की अवैध गिरफ्तारी को लेकर पार्टी के विशाल विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं।