Pal Pal India

जेपी नड्डा बढ़ा कार्यकाल

मोदी बोले- चुनाव में 400 दिन बाकी, हर वोटर के दरवाजे तक पहुंचें
 
जेपी नड्डा बढ़ा कार्यकाल

नई दिल्ली, 17 जनवरी। दिल्ली में दो दिनों से चल रही भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के साथ खत्म हो गई। पीएम ने कहा कि अगले लोकसभा चुनाव में सिर्फ 400 दिन बचे हैं। ऐसे में पार्टी पदाधिकारियों और हर एक कार्यकर्ता को एक-एक वोटर से मिलने उनके दरवाजे तक जाना चाहिए। बैठक के दूसरे दिन पार्टी ने एक बड़ा फैसला लेते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के एक्सटेंशन पर मुहर लगा दी। नड्डा का कार्यकाल जून 2024 तक बढ़ा दिया गया है। नड्डा का मौजूदा कार्यकाल 20 जनवरी को खत्म हो रहा था। अब वे लोकसभा चुनाव तक पार्टी की कमान संभालेंगे। जेपी नड्डा को एक्सटेंशन देने का ऐलान गृहमंत्री अमित शाह ने किया। वे लालकृष्ण आडवाणी और अमित शाह के बाद भाजपा के ऐसे तीसरे नेता बन गए हैं, जिन्हें लगातार दूसरी बार अध्यक्ष बनाया गया है। हालांकि राजनाथ सिंह भी दो बार पार्टी अध्यक्ष बने थे, लेकिन उनका कार्यकाल लगातार नहीं था।
जिन 10 विधानसभाओं में चुनाव, वहां लोकसभा की 112 सीटें
नड्डा के एक्सटेंशन की अहम वजह 10 विधानसभाओं के चुनाव भी हैं। 2023 में ही होने वाले ये चुनाव लोकसभा की करीब 21 प्रतिशत सीटें कवर करते हैं। साथ ही उत्तर से दक्षिण तक फैले इन राज्यों के फैसले से अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में जनता के मिजाज की झलक भी मिल सकती है। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दूसरे दिन सामाजिक-आर्थिक प्रस्ताव पेश किया गया। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि इस प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की गई। प्रस्ताव में कहा गया कि उनकी नीतियों की वजह से भारत दुनिया की पांच बड़ी इकोनॉमी में शामिल हो गया है।
आखिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमाम पदाधिकारियों को संबोधित किया। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का सर्वोत्तम काल आ रहा है। इसमें हमें मेहनत में पीछे नहीं रहना है। परिश्रम की पराकाष्ठा कर देना है। कार्यकर्ताओं को अमृत काल को कर्तव्य काल में बदलना है। मोदी ने कहा- बॉर्डर के गांवों में पार्टी का संगठन मजबूत होना चाहिए। पार्टी की गतिविधियां होनी चाहिए। मोदी ने कार्यकर्ताओं को टास्क दिया कि चुनाव में 400 दिन बचे हैं। हमें पूरी तैयारी से जुटना है। भाजपा एक राजनीतिक आंदोलन बन चुका है। हमें लोगों से हर दिन मिलना है। जैसे एक दिन यूनिवर्सिटी एक दिन चर्च एक दिन अन्य जगह जाकर लोगों से मिलें। अगर अब कुछ नहीं किया तो इतिहास हमें माफ नहीं करेगा। नए कार्यकर्ताओं को लेकर बूथ मजबूत करें। नड्डा को एक्सटेंशन दिए जाने का ऐलान करते हुए अमित शाह ने कहा- नड्डा जी के नेतृत्व में पार्टी ने 120 चुनाव लड़े, जिनमें से 73 में जीत हासिल की। उनके नेतृत्व में पार्टी ने अपनी पैठ बढ़ाई और यश भी बढ़ाया। 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और नड्डा जी के संगठनात्मक नेतृत्व में लड़ेगी।