Pal Pal India

भाजपा पहले डर फैलाती है फिर हिंसा: राहुल गांधी

 
भाजपा पहले डर फैलाती है फिर हिंसा: राहुल गांधी

बुरहानपुर/भोपाल, 23 नवंबर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के मध्य प्रदेश में प्रवेश के बाद अपने भाषण में भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले डर फैलाती है और फिर हिंसा, लेकिन हिन्दुस्तान में किसी को डरने की जरूरत नहीं है। इस यात्रा का उद्देश्य ही इस डर को हटाना है। दरअसल, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बुधवार को सुबह 6.00 बजे महाराष्ट्र के जलगांव जामोद से रवाना हुई और बुरहानपुर जिले से सुबह 7.00 बजे मध्यप्रदेश में प्रवेश किया। यात्रा का पहला पड़ाव ग्राम बोदरली गांव रहा, जहां पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने स्वागत किया। राहुल गांधी की आरती उतारी गई। बंजारा लोक नृत्य कलाकार रीना नरेंद्र पवार ने उनके स्वागत में लोक नृत्य की प्रस्तुति दी। यहां से यात्रा आगे बढऩे से पहले राहुल ने मंच से लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्यार के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। उन्होंने यात्रा का उद्देश्य बताते हुए कहा कि नफरत, हिंसा और डर हिंदुस्तान में फैलाया जा रहा है, उसके खिलाफ यह यात्रा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का तरीका देखिए। सबसे पहले डर फैलाओ। किनके दिल में डर। युवाओं के दिल में डर। कैसे-बेरोजगारी बढ़ाकर। किसानों के दिल में डर। कैसे- सही दाम न देकर। बीमा का पैसा न देकर, कर्जा माफ न करके। मजदूरों के दिल में डर, मनरेगा का पैसा न देकर। पहले ये डर फैलाते हैं और जब यह डर फैल जाता है, तब हिंसा में बदल देते हैं। हिंसा कोई चीज नहीं होती। हिंसा डर का एक रूप है। जो डरता नहीं वो हिंसा नहीं कर सकता। जो डरता है, वही हिंसा करता है।