Pal Pal India

तमिलनाडु में डेंगू के 9,000 मामले, स्वास्थ्य मंत्री ने की जलभराव रोकने की अपील

 
तमिलनाडु में डेंगू के 9,000 मामले, स्वास्थ्य मंत्री ने की जलभराव रोकने की अपील

चेन्नई, 22 जुलाई। तमिलनाडु में डेंगू संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर राज्य सरकार सतर्क हो गई है। इस बीच राज्य के स्वास्थ्य मंत्री अरुणराज ने बुधवार को कहा कि 21 जुलाई 2026 तक राज्य में डेंगू के लगभग 9,000 मामले सामने आ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और संक्रमण की रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर एहतियाती उपाय किए जा रहे हैं।

पत्रकारों से बातचीत में अरुणराज ने बताया कि चिकित्सकों की रिपोर्ट के अनुसार राज्य में डेंगू के मामलों में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। इसे देखते हुए सभी जिलों में निगरानी बढ़ा दी गई है और स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि समय रहते संक्रमण पर नियंत्रण पाया जा सके।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से मच्छर नियंत्रण अभियान को और तेज किया गया है। इसके तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में फॉगिंग, लार्वा नियंत्रण तथा अन्य निवारक उपाय लगातार किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी संवेदनशील इलाकों में नियमित रूप से निरीक्षण कर रहे हैं और लोगों को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि डेंगू की रोकथाम में आम जनता की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास किसी भी स्थान पर पानी जमा न होने दें। कूलर, पानी की टंकियों, गमलों, पुराने टायरों और अन्य खुले बर्तनों में जमा पानी को नियमित रूप से साफ करें, क्योंकि इन्हीं स्थानों पर डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छर पनपते हैं।

अरुणराज ने कहा कि यदि मच्छरों की उत्पत्ति को प्रारंभिक स्तर पर ही रोक दिया जाए और प्रत्येक नागरिक स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करे, तो डेंगू उन्मूलन अभियान को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द या डेंगू के अन्य लक्षण दिखाई देने पर बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं और चिकित्सकीय सलाह का पालन करें।