डा. इंद्र चंद्र शास्त्री द्वारा 650 शोधपत्र एवं 70 ग्रंथ लिखे गए, उनकी स्मृति में 5 रुपए की डाक टिकट का प्रकाशन हमारे लिए गर्व: सिंगला

डबवाली 03 नवंबर
महान स्वतंत्रता सेनानी, देशभक्त, लेखक एवं विद्वान डा. इंद्र चंद्र शास्त्री की जयंती पर आज स्वतंत्रता सेनानी पार्क में उनके प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर उन्हें नमन किया गया। अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन पंजाब प्रदेश के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंगला ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वह ऐसे महान व्यक्ति थे जिन्होंने अपने जीवन काल में 650 शोधपत्र एवं विभिन्न भाषाओं में 70 ग्रंथ एवं पुस्तकें लिखी जिनका समय-समय पर प्रकाशन हुआ। उन्होंने बताया कि भारत के राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह एवं प्रधानमंत्री राजीव गांधी द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया। यहां तक कि भारत सरकार द्वारा उनकी स्मृति में 5 रुपए का डाक टिकट प्रकाशित कर उनकी याद को चिरस्थायी बनाया गया।
ऑल इंडिया अरोड़ा खत्री पंजाबी कम्यूनिटी के प्रतिनिधि परमजीत कोचर ने सभा में बोलते हुए कहा कि डा. शास्त्री डबवाली का एक ऐसा गौरव है जिसे सदैव युगो-युगो तक याद रखा जाएगा। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र और समाज के लिए कार्य करना चाहिए, यही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस सभा में अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन जिला मोहाली के सचिव नरेश गुप्ता काकू, वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र मित्तल, युवा रक्तदान सोसायटी के प्रतिनिधि संतोष शर्मा, पूर्व पार्षद सीता राम सिंगला, समाजसेवी अमृतपाल गर्ग, अमित राज मैहता, सोमनाथ गर्ग सहित कई अन्य लोगों ने उपस्थित होकर शास्त्री जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।

