Pal Pal India

सूडान से निकाले 561 भारतीयों को एयरलिफ्ट कर लाया जाएगा भारत

 
सूडान से निकाले 561 भारतीयों को एयरलिफ्ट कर लाया जाएगा भारत

खार्तूम, 26 अप्रैल। तीन दिन के संघर्ष विराम के बाद सूडान की राजधानी खार्तूम समेत देश के अन्य हिस्सों में झड़पें चल रही हैं। इसी दौरान, पिछले 24 घंटों में साढ़े पांच सौ से ज्यादा भारतीयों को निकाल लिया गया। इनको सऊदी अरब के जेद्दाह लाया गया है। अब तक तीन बैच में 561 लोगों को जेद्दाह पहुंचा दिया गया है। सूडान में 4 हजार से ज्यादा भारतीय रहते हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि ‘ऑपरेशन कावेरी’ के तहत पहले बैच में 278 भारतीयों को नेवी के जहाज आईएनएस सुमेधा से सूडान पोर्ट से सऊदी अरब के जेद्दाह पहुंचाया गया। इसके बाद 148 और 135 भारतीयों को भारतीय वायु सेना के सी-130 जे एयरक्राफ्ट से जेद्दाह लाया गया। अब इन्हें जल्द ही एयरलिफ्ट कर भारत लाया जाएगा।

अब तक 459 लोग मारे गए हैं सूडान में
सूडान में तख्तापलट के लिए सेना और पैरामिलिट्री फोर्स के बीच 15 अप्रैल को लड़ाई शुरू हुई थी। वल्र्ड हेल्थ आर्गेनाइजेशन के मुताबिक, लड़ाई में अब तक 459 लोगों और सैनिकों की मौत हो चुकी है। 4,072 लोग घायल हुए हैं। सूडान में 72 घंटे का सीजफायर 27 अप्रैल रात 12 बजे तक हैं। इस दौरान अन्य देशों को अपने नागरिकों को यहां से निकालने का समय दिया गया है।