Pal Pal India

हरियाणा में अब तक दी 46 हजार 500 युवाओं को नौकरी:नायब सैनी

 पंजाब में नशे पर किए वादों का जवाब दे आप सरकार
 
  हरियाणा में अब तक दी 46 हजार 500 युवाओं को नौकरी:नायब सैनी

चंडीगढ़, 17 अक्टूबर  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अपनी सरकार के दो साल पूरे होने के अवसर पर शनिवार को चंडीगढ़ में रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए कहा कि पहले युवाओं को नौकरी पाने के लिए नेताओं की परिक्रमा करनी पड़ती थी। उनका समय पढ़ाई के बजाय सिफारिश के लिए चक्कर लगाने में बीतता था। आज युवा अपना पूरा ध्यान पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर लगा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एचसीएस परीक्षा के परिणाम ने साबित किया है कि अब युवाओं को मेरिट के आधार पर नौकरियां मिल रही हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार अब तक 46,500 युवाओं को नौकरियां दे चुकी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता भी जानते हैं कि उनकी खड़ी की हुई व्यवस्थाओं के बावजूद सरकार ने बिना पर्ची-खर्ची के नौकरियां दी हैं।
पंजाब में नशे की समस्या पर मुख्यमंत्री ने वहां की सरकार के कामकाज पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता से तीन से छह महीने में नशा कम करने का वादा किया गया था। उन्होंने पूछा कि उस वादे पर अब तक क्या परिणाम सामने आए हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार ने काम करने का समय गंवा दिया और आज लोग डर के कारण नशे के खिलाफ शिकायत करने से भी बचते हैं। उन्होंने कहा कि जनता से किए वादों पर पंजाब सरकार को जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कामकाज के कारण देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों में बसे भारतीयों की अपेक्षाएं बढ़ी हैं। मुख्यमंत्री ने अपने स्वीडन दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां भी लोग ‘मोदी-मोदी’ करते हैं और भारत में काम करने तथा निवेश करने के लिए उत्सुक हैं।