ऊषा चेतन स्मृति आयुर्वेद चिकित्सा शिविर में उमड़े मरीज, 275 का उपचार
निःशुल्क कैंप का आयोजन: राजेश चेतन

दुनिया को स्वास्थ्य की अनमोल सौगात देने वाले भारत में फिर से लोग मेडिकल साइंस के आधार (आयुर्वेद) से जुड़ने लगे हैं। रविवार को पीतमपुरा के सी डी ब्लॉक स्थित शिव मंदिर में आयोजित ऊषा चेतन स्मृति निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर में उमड़ी भीड़ देखकर तो ऐसा ही लगा। पौने तीन सौ से अधिक मरीज अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए) के वरिष्ठ एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों से इलाज करवाने पहुंचे। शिविर आयोजन का समय सुबह दस से दोपहर दो बजे तक का था लेकिन मरीज निर्धारित समय से काफी देर बाद तक आते रहे। गहन चिकित्सा जांच के बाद सभी मरीजों को निःशुल्क दवा वितरित की गई। बता दें कि श्रीमती ऊषा चेतन नारी सशक्तिकरण का वह हस्ताक्षर थीं जिन्होंने हर नारी में स्वाभिमान जगाने का मिशन चलाया व समाज सेवा की नई परिभाषा गढ़ी।
उत्तर भारत की प्रमुख समाजसेवी संस्था भिवानी परिवार मैत्री संघ (बीपीएमएस) के इस आयोजन की मरीजों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
श्रीमती पूजा बंसल इस शिविर की संयोजिका रहीं।
संस्था के अध्यक्ष एवं अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि राजेश चेतन ने बताया कि पीतमपुरा के इसी शिव मंदिर में अब हर दो माह बाद भिवानी परिवार मैत्री संघ द्वारा निःशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि
हर जरूरतमंद की सेवा एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के मिशन को संस्था लगातार विस्तार दे रही है। संस्था अब तक भिवानी में 40 निःशुल्क नेत्र एवं चिकित्सा शिविर आयोजित कर चुकी जिसमें हजारों मरीजों ने स्वास्थ्य लाभ लिया। हजारों मरीजों का निःशुल्क लैंस वाला ऑपरेशन कराया जा चुका है। संस्था अब हर महीने भिवानी के साथ लोहारू में भी मुफ्त नेत्र एवं चिकित्सा शिविर आयोजित करने की तैयारी कर रही है।
अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान के डीन डॉ महेश कुमार व्यास शिविर में विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि जहां भी जरूरत होगी, हमारे संस्थान की टीम बीपीएमएस के शिविर में पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद को उसका प्राचीन गौरव दिलाए जाने की आवश्यकता है। इससे कारगर चिकित्सा पद्धति और कोई नहीं।
शिविर में विजय शंकर तिवारी (राष्ट्रीय प्रवक्ता, विश्व हिंदू परिषद), महेंद्र चतुर्वेदी (कथा व्यास),
कृष्ण बसिया (प्रधान, पी यू ब्लॉक रामलीला),श्री भगवान सहाय (प्रोफेसर, तिब्बिया कॉलेज), सुरेंद्र रौतेला (केदारनाथ धाम), डॉ. अल्फिया सलीम (सीएमओ), बीपीएमएस के वरिष्ठ पदाधिकारी कांता बजाज व प्रमोद शर्मा, निगम पार्षद स्मिता कौशिक, संजय गुप्ता, दिनेश गुप्ता, पवन मोडा, राजकुमार अग्रवाल, मनोज जैन, राघव जैन, केशव जैन एवं श्योनाथ तोशामिया परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे।

