Pal Pal India

अमेरिका में खोला गुप्त पुलिस स्टेशन, चीन मूल के दो नागरिक गिरफ्तार

 
अमेरिका में खोला गुप्त पुलिस स्टेशन, चीन मूल के दो नागरिक गिरफ्तार
न्यूयॉर्क, 18 अप्रैल। अमेरिका से विवाद के बीच चीन जासूसी की हर संभव कोशिश कर रहा है। अब अमेरिका में चीन की शह पर चल रहा एक गुप्त पुलिस स्टेशन पकड़ा गया है। इस मामले में चीन मूल के दो नागरिक गिरफ्तार गिरफ्तार किए गए हैं।

अमेरिका और चीन के बीच चल रहे अंतरराष्ट्रीय विवाद के बीच चीन द्वारा अमेरिका की जासूसी का मसला भी बार-बार उठता रहता है। पिछले दिनों चीनी गुब्बारे से अमेरिकी जासूसी का मामला सामने आने के बाद अब अमेरिका के भीतर ही गुप्त पुलिस चौकी खोलकर सूचनाएं जुटाने का मामला सामने आया है। अमेरिकी न्याय विभाग ने जानकारी दी कि चीन मूल के दो नागरिकों ने वर्ष 2022 की शुरुआत से मैनहट्टन के चाइनाटाउन क्षेत्र में एक गुप्त पुलिस स्टेशन का संचालन कर रखा था। इन दोनों नागरिकों 61 साल के लियू जियानवांग और 59 साल के चेन जिनपिंग को गिरफ्तार कर लिया गया है।

न्यूयॉर्क के पूर्वी जिले के अटार्नी ब्रियोन पीस ने बताया कि ये लोग बीजिंग के इशारे पर न्यूयॉर्क सहित पूरे अमेरिका में चीनी प्रवासियों को लक्ष्य बनाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दमन में लगे हुए थे। गिरफ्तार किए दोनों व्यक्तियों पर अमेरिकी अधिकारियों को सूचित किए बिना चीन की सरकार के एजेंट के रूप में काम करने की साजिश रचने और साथ ही न्याय में बाधा डालने का आरोप लगाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इन लोगों को जब पता चला कि इनकी जांच की जा रही है तो इन्होंने चीन के सार्वजनिक मंत्रालय से हुई बातचीत की जानकारी को हटा दिया। यह लोग अमेरिका में रह रहे चीन के लोगों को भड़काने का काम कर रहे थे, जो अमेरिकी कानूनों का उल्लंघन है।

अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि कि चीन मूल के इन नागरिकों द्वारा खोले गए इस गुप्त पुलिस स्टेशन का भयावह उपयोग किया जा रहा था। दोनों आरोपितों को सोमवार को ब्रुकलिन की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। स्पेन के मानवाधिकार संगठन सेफगार्ड डिफेंडर्स ने कहा कि चीन के पास यूनाइटेड किंगडम और अमेरिका सहित दुनिया भर में ऐसे दर्जनों गुप्त पुलिस स्टेशन हैं।