Pal Pal India

फ्रांस में पेंशन सुधार के खिलाफ राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन 16 फरवरी को

 
फ्रांस में पेंशन सुधार के खिलाफ राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन 16 फरवरी को 
पेरिस, 12 फरवरी। फ्रांस में विवादास्पद पेंशन सुधार कार्यक्रम के खिलाफ 16 फरवरी को आम रैली (प्रदर्शन) में जनसैलाब उमड़ने की उम्मीद है। गुस्साए नागरिक मध्य पेरिस स्थित प्लेस डे ला रिपब्लिक की तरफ बढ़ रहे हैं। अनुमान जताया जा रहा है कि इस रैली में एक लाख से अधिक लोग हिस्सा लेंगे। प्रदर्शनकारी प्रमुख फ्रांसीसी ट्रेड यूनियंस के आह्वान पर बैनर और पोस्टर लेकर आगे बढ़ रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि पेंशन सुधार के खिलाफ शनिवार को पूरे फ्रांस में 200 से ज्यादा स्थानों पर प्रदर्शन हुए हैं। प्रधानमंत्री एलिजाबेथ बोर्न ने 10 जनवरी को पेंशन सुधार कानून का मसौदा प्रस्तुत किया था। इसे सितंबर में लागू करने की योजना है।

फ्रांस में इसके खिलाफ पहली हड़ताल 19 जनवरी को हुई थी। पेरिस में 80 हजार लोगों के साथ पूरे देश में 10 लाख से ज्यादा लोगों ने इसमें हिस्सा लिया था। दूसरे प्रदर्शन में कुल 28 लाख लोग शामिल हुए। पिछले मंगलवार को तीसरे राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन में 7.57 लाख लोग शामिल हुए। पेंशन सुधार योजना के खिलाफ पांचवां राष्ट्रीय प्रदर्शन 16 फरवरी को आहूत किया गया है।