Pal Pal India

भारत ने श्रीलंका के तमिल बहुल क्षेत्र जाफना में बनवाया सांस्कृतिक केंद्र

- भारतीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री एल मुरुगन के साथ श्रीलंका के राष्ट्रपति ने किया उद्घाटन
 
भारत ने श्रीलंका के तमिल बहुल क्षेत्र जाफना में बनवाया सांस्कृतिक केंद्र

कोलंबो, 11 फरवरी। भारत ने श्रीलंका के तमिल बहुत क्षेत्र में जाफना में बहुउद्देश्यीय जाफना सांस्कृतिक केंद्र का निर्माण कराया है। भारत के सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री एल मुरुगन के साथ श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने इस केंद्र का उद्घाटन कर इसे जाफना के लोगों को समर्पित किया। श्रीलंका के तमिल बहुल जाफना में भारत सरकार के सहयोग से बनने वाले जाफना सांस्कृतिक केंद्र का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साल 2015 में किया था। यह सांस्कृतिक केंद्र दोनों देशों के मजबूत संबंधों को शानदार उदाहरण माना जा रहा है। पहले गृहयुद्ध और पिछले कुछ महीनों से आर्थिक संकट का सामना कर रहे श्रीलंका के लिए यह सांस्कृतिक केंद्र मानसिक सशक्तीकरण का पथ प्रशस्त करेगा। जाफना सांस्कृतिक केंद्र में एक सार्वजनिक चौक है, जिसे रंगभूमि मंच के तौर पर भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा दो मंजिलों का एक संग्रहालय, 600 से ज्यादा लोगों के बैठने की क्षमता वाला थिएटर, एक सभागार और एक 11 मंजिला शिक्षण टॉवर भी है।सांस्कृतिक केंद्र का उद्घाटन करते हुए राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने दोनों देशों के बीच संबंध मजबूत बनाए रखने की बात कही। उन्होंने उक्त केंद्र के लिए भारतीय मदद को धन्यवाद देने के साथ कठिन समय में श्रीलंका से जुड़े रहने के लिए भारत का आभार व्यक्त किया। भारत के सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री एल मुरुगन ने केंद्र का औपचारिक उद्घाटन करने के बाद जाफना सांस्कृतिक केंद्र को विशिष्ट करार दिया।