Pal Pal India

भारत के पांच पूर्व सेना प्रमुख नेपाल में चीफ्स कॉन्क्लेव में लेंगे भाग

दोनों देशों के बीच सैन्य संबंधों पर होगी चर्चा 
 
भारत के पांच पूर्व सेना प्रमुख नेपाल में चीफ्स कॉन्क्लेव में लेंगे भाग  
काठमांडू, 15 फरवरी। नेपाल की सेना की 260वीं वर्षगांठ में शामिल होने के लिए भारत से सेना के पांच पूर्व जनरल काठमांडू आएंगे। वे नेपाली सेना के पूर्व मानद महारथी के रूप में यहां सेना दिवस के विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। नेपाली सेना ने भारतीय सेना प्रमुख मनोज पांडे के अलावा 11 पूर्व सेना प्रमुखों को आमंत्रित किया है।

सैन्य प्रवक्ता कृष्ण प्रसाद भंडारी ने बताया कि इनमें पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल विश्वनाथ शर्मा, जनरल जोगिंदर जसवंत सिंह, जनरल दीपक कपूर, जनरल दलबीर सिंह सुहाग और जनरल मनोज मुकुंद नरवाने का काठमांडू आने का कार्यक्रम है। बताया जा रहा है कि 17 से 20 फरवरी तक नेपाली सेना द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में पूर्व सेना प्रमुख हिस्सा लेंगे।

सैन्य प्रवक्ता भंडारी ने कहा कि सेना दिवस में पूर्व भारतीय सेना प्रमुखों की भागीदारी से दोनों देशों के बीच सैन्य संबंध मजबूत होंगे। 10 साल पहले नेपाली सेना के 250वें स्थापना दिवस पर भारतीय सेना के पूर्व कमांडरों को भी न्योता दिया गया था। इस बार चीफ्स कॉन्क्लेव के नाम से न्योता दिया गया है।

सैन्य प्रवक्ता भंडारी ने बताया कि 18 फरवरी को होने वाले सम्मेलन में नेपाली सेना प्रमुख प्रभुराम शर्मा और भारत व नेपाल के पूर्व सेना प्रमुख शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि चीफ्स कॉन्क्लेव में दोनों देशों के बीच सैन्य संबंधों पर चर्चा होगी।

भारत और नेपाल के अलग सैन्य संबंध हैं। दोनों देशों के सेना प्रमुखों के लिए एक-दूसरे के देश के महारथी की मानद उपाधि प्राप्त करने की प्रथा है। 1950 से चले आ रहे इस रिश्ते का दोनों देशों के बीच सैन्य स्तर पर खास रिश्ता है।

सैन्य प्रवक्ता कृष्ण प्रसाद भंडारी ने विश्वास जताया कि भारत के पूर्व सेना प्रमुखों के दौरे से दोनों देशों के बीच सैन्य संबंध और मजबूत होंगे।