Pal Pal India

न्यूजीलैंड में लेबर पार्टी ने क्रिस हिपकिंस को नेता चुना, नए प्रधानमंत्री घोषित

 
न्यूजीलैंड में लेबर पार्टी ने क्रिस हिपकिंस को नेता चुना, नए प्रधानमंत्री घोषित
वेलिंगटन (न्यूजीलैंड), 22 जनवरी। न्यूजीलैंड की लेबर पार्टी ने रविवार को संसद में केंद्रीय शिक्षा, पुलिस और लोक सेवामंत्री क्रिस हिपकिंस को अपना नया नेता चुनते हुए देश का अगला प्रधानमंत्री घोषित किया। 44 वर्षीय हिपकिंस देश के 41वें प्रधानमंत्री होंगे। वह जैसिंडा अर्डर्न का स्थान लेंगे। केलस्टन से सांसद एवं कैबिनेट मंत्री कार्मेल सेपुलोनी को उप प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया है।

करीब साढ़े पांच साल तक न्यूजीलैंड के शीर्ष पद पर रहीं अर्डर्न ने गुरुवार को यह घोषणा कर 50 लाख की आबादी वाले अपने देश को चौंका दिया था कि वह प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे रही हैं। हिपकिंस आठ महीने से कम समय तक प्रधानमंत्री का पद संभालेंगे। इसके बाद देश में आम चुनाव होगा। चुनाव पूर्व सर्वेक्षणों में लेबर पार्टी की स्थिति मुख्य प्रतिद्वंद्वी नेशनल पार्टी से बेहतर है। अर्डर्न मात्र 37 साल की उम्र में न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री बनी थीं।अर्डर्न की न्यूजीलैंड में हुई गोलीबारी की अब तक की सबसे भयंकर वारदात और कोरोना महामारी से निपटने के लिए दुनियाभर में प्रशंसा की गई। माना जाता है कि वह देश में काफी राजनीतिक दबाव का सामना कर रही थीं।

अर्डर्न ने नम आंखों के साथ गुरुवार को पत्रकारों से कहा था कि सात फरवरी का दिन बतौर प्रधानमंत्री उनका आखिरी दिन होगा। मेरे कार्यकाल का छठा वर्ष शुरू होने जा रहा है और बीते हर साल में मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है। न्यूजीलैंड में अगला आम चुनाव 14 अक्टूबर को होगा। वह तब तक सांसद के रूप में काम करती रहेंगी।