Pal Pal India

युवा वैज्ञानिक दुनियाभर में भारत का नाम रोशन कर रहे: मनोहर लाल

मुख्यमंत्री ने चौ. बंसीलाल विवि में दो दिवसीय साइंस कॉन्क्लेव का किया शुभारंभ 
 
युवा वैज्ञानिक दुनियाभर में भारत का नाम रोशन कर रहे: मनोहर लाल  
भिवानी, 11 फरवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आज देश विज्ञान के बलबूते पर आगे बढ़ रहा है। आज देश के युवा वैज्ञानिक दुनिया भर में भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। अतीत में भी भारत के वैज्ञानिकों सीवी रमन, महान गणितज्ञ रामानुजन, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ने विज्ञान के क्षेत्र में भारत का नाम ऊंचा किया है। पाई, संख्या प्रणाली व जीरो की खोज कर उसकी सौगात दुनिया भर को भारतीय वैज्ञानिकों ने दी है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ये बातें भिवानी के चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय के दो दिवसीय साइंस कॉन्क्लेव के उद्घाटन अवसर पर कही। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय के तीसरे शैक्षणिक ब्लॉक व स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने जिला के 40 स्कूलों के 500 विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई विज्ञान प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

साइंस कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश नवाचार वैज्ञानिक सोच के साथ आगे बढ़ रहा है। वैज्ञानिक रिसर्च को लेकर बजट में भी विशेष प्रावधान किए गए हैं। हरियाणा प्रदेश में दृश्या योजना के तहत ड्रोन को संचालित करने की ट्रेनिंग भी शुरू की गई है।

मुख्यमंत्री ने विज्ञान के क्षेत्र में दो लाख रुपये के विज्ञान रत्न पुरस्कार की राशि बढ़ाकर चार लाख किए जाने की घोषणा मंच के माध्यम से की। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के वैज्ञानिकों ने कोविड के दौरान दो कोरोना रोधी वैक्सीन की सफल खोज कर दुनिया के लोगों को कोविड से बचाया। भारत द्वारा तैयार की गई वैक्सीन दुनिया भर के लोगों के कोविड में काम आई। यह भारत की वैज्ञानिक प्रतिभा को दर्शाता है।

मौके पर मुख्यमंत्री ने पत्रकारों द्वारा सरपंचों के प्रदेश भर में चल रहे विरोध को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि सरपंचों का कोई फंड कम नहीं किया गया है, बल्कि उनकी सरकार ने सरपंचों की तथा लोकल बॉडी के नगर निकाय प्रतिनिधियों की पॉवर व स्वायत्तता को बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने सरपंचों द्वारा ई-टेंडरिंग का विरोध किए जाने को लेकर कहा कि सरपंचों की इस बात में कोई तथ्य नहीं है। उन्होंने कहा कि काम को लेकर पारदर्शिता जरूरी है, सरपंचों को इस बात को समझनी चाहिए।

इस अवसर पर विज्ञान प्रदर्शनी में हिस्सा ले रहे छात्रों पारस व शुभम ने बताया कि आज मुख्यमंत्री ने विज्ञान प्रदर्शनी में उनके मॉडल का अवलोकन किया है तथा उन्हें वैज्ञानिक सोच के साथ आगे बढ़ने की बात कही। इस विज्ञान साइंस कॉन्क्लेव से उन्हें वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है। वे भविष्य में भी विज्ञान के क्षेत्र में इसी प्रकार से शोध कार्य करते रहेंगे।