युवा देश भारत व नाइजीरिया मिलकर तोड़ें भ्रांतियां : डॉ. चौहान

इससे पूर्व नीलोखेड़ी पहुंचने पर इस अध्ययन दल का डॉ. चौहान और कार्यक्रम संयोजक डॉ. सुशील मेहता की अगुआई में संस्थान की पूरी टीम ने सौहार्दपूर्ण स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल को स्मृतिचिन्ह के रूप में श्रीमद्भगवद्गीता की प्रतियां भेंट की गईं।
एक दिवसीय दौरे पर प्रतिनिधिमंडल को हरियाणा में पंचायती राज व्यवस्था, ग्रामीण विकास मॉडल, क्षमता निर्माण कार्यक्रमों तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न पहलों की विस्तृत जानकारी दी गई। नाइजीरियन प्रतिनिधियों ने हरियाणा के ग्रामीण विकास मॉडल की सराहना करते हुए इसे अपने देश के लिए प्रेरणादायक बताया।
नाइजीरियन प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भारत–अफ्रीका साझेदारी को समानता, सम्मान और साझा विकास की भावना पर आधारित मानते हैं। प्रधानमंत्री जी का स्पष्ट दृष्टिकोण है कि भारत और नाइजीरिया जैसे देशों के बीच सहयोग केवल कूटनीतिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक, सामाजिक और मानव संसाधन विकास के स्तर पर भी मजबूत होना चाहिए। इसी सोच के अनुरूप भारत अपने विकास अनुभव मित्र देशों के साथ साझा कर रहा है।
डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी समाज का वास्तविक विकास तब तक संभव नहीं है, जब तक महिलाएं आत्मनिर्भर, शिक्षित और निर्णय प्रक्रिया में सहभागी न हों। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान महिलाओं के कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता निर्माण, स्व-सहायता समूहों को सशक्त करने तथा उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक योजना नहीं, बल्कि समग्र ग्रामीण विकास की नींव है।
दौरे के दौरान नाइजीरियन प्रतिनिधिमंडल ने संस्थान की प्रशिक्षण गतिविधियों, महिला केंद्रित कार्यक्रमों एवं ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं का अवलोकन किया और भविष्य में आपसी सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
संस्थान की टीम ने विदेशी मेहमानों को घरौंडा स्थित इंडो–इजरायल सब्जी उत्कृष्टता केंद्र का दौरा करवाया। इसके अलावा विदेशी मेहमानों ने ऊंचा समाना गांव के सामुदायिक केंद्र में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ संवाद किया। कविता और प्रवीणा नामक महिलाओं की सफलता की कहानी से प्रतिनिधिमंडल में शामिल अधिकारी अत्यंत प्रसन्न हुए। कार्यक्रम का समापन एक हरियाणवी भजन के बाद राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
उल्लेखनीय है कि नाइजीरियन प्रतिनिधिमंडल 10 दिवसीय भारत दौरे पर है, जिसका संचालन राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान, द्वारा किया जा रहा है। नाइजीरिया से आए इस प्रतिनिधिमंडल में आबूबकर अली (चेयरमैन) एवं फशुई ओलुबिसी ओलुफुंके (कोऑर्डिनेटर) शामिल हैं।
इस अवसर पर संस्थान के सरकारी सदस्य सुशीलमेहता, कमलदीप सांगवान, राष्ट्रीय ग्रामीण विकास विभाग से सलाहकार गुरविंदर सिंह, संकाय सदस्य वजीर सिंह, राष्ट्रीय ग्रामीण विकास विभाग से नरेश कुमारी, नीरू गुप्ता, गुलशन चढ़ा, रमेश चंद्र सुधीर कुमार सिंह और अन्य उपस्थित थे।

