Pal Pal India

यमुनानगर: प्रदेश में कांग्रेस का सत्ता में आना तय: उदयभान

 
यमुनानगर: प्रदेश में कांग्रेस का सत्ता में आना तय: उदयभान
यमुनानगर,15 मार्च। कांग्रेस पार्टी के आगामी 2 अप्रैल को यमुनानगर में होने वाले विपक्ष आपके समक्ष कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार को साढ़ौरा विधानसभा क्षेत्र के गांव पिजोरा में आयोजित बैठक में प्रदेशाध्यक्ष उदयभान पार्टी कार्यकर्ताओ के बीच पहुंचे। जहां पर कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान को गदा देकर व शाल और फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। कांग्रेस नेता बृजपाल छप्पर व पूर्व प्रत्याशी पिंकी छप्पर व जसवीर सिंह अहलावत के आह्वान पर आयोजित विशाल जनसभा में पुरुष व महिलाएं पहुंची।

प्रदेशाध्यक्ष कांग्रेस उदयभान ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का सत्ता से जाना तय हो गया और भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में प्रदेश में कांग्रेस पार्टी सत्ता में आएगी। पिछले 9 बरस से जनता भाजपा के कुशासन से तंग आ चुकी है।उन्होंने कहा कि किसान, मजदुर, कर्मचारी, व्यापारी और युवा सड़कों पर धक्के खा रहे हैं। महंगाई इस कदर बढ़ गई कि गरीब आदमी को खाने के लाले पड़े हुए हैं। पेट्रोल, डीजल और गैस के दाम आसमान को छू रहे। उन्होंने लोगों से आव्हान किया कि आगामी 2 अप्रैल को यमुनानगर में विपक्ष आपके समक्ष कांग्रेस पार्टी द्वारा विशाल रैली होगी। उसके लिए उन्होंने लोगों को न्योता दिया और कहा ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचने की अपील की।

रादौर से पार्टी के विधायक डॉ.बी.एल सैनी ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह और हुड्डा दीपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी की लहर बन चुकी है आने वाले समय में तूफान बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान, मजदूर, कर्मचारी और व्यापारी का भला सिर्फ हुड्डा की सरकार में हो सकता है।इस मौके पर इनेलो के वरिष्ठ नेता लालाराम भंभोल और भाजपा वरिष्ठ व किसान नेता कश्मीरी लाल सैनी ने पार्टी को छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा।