Pal Pal India

सिरसा के टाउन पार्क में चाकू मारकर महिला की हत्या

चरित्र पर शक के चलते की वारदात, मृतक महिला थी विधवा 
 
सिरसा के टाउन पार्क में चाकू मारकर महिला की हत्या 
  सिरसा, 4 फरवरी। सिरसा के टाउन पार्क में शनिवार रात एक युवक ने अपनी महिला साथी की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आज सुबह शव का पोस्ट मार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम करवाने के लिए मृतक महिला के परिजन नागरिक अस्पताल सिरसा में पहुंचे हुए थे। परिजनों के साथ मृतक महिला के बच्चे भी अस्पताल में पहुंचे हुए थे। बताया गया है कि हत्यारोपी ने खुद ही पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया। महिला विधवा बताई जा रही है और तीन बच्चों की मां थी।
जानकारी के अनुसार जगदेव सिंह चौक पर रहने वाली एक महिला सुमन का शहर की बत्रा वाली गली में रहने वाले युवक सन्नी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सुमन के पति सुरेश कुमार की काफी समय पहले मौत हो चुकी थी। वह एक बच्चे की मां थी। शुरुआती जांच में पता चला है सुमन व सन्नी एक साथ सिरसा में एक कॉस्मेटिक की दुकान में काम करते थे। वहीं से दोनों में प्रेम प्रसंग की शुरुआत हो गई। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों से सन्नी को शक था कि सुमन किसी दूसरे शख्स के साथ संपर्क में है। सन्नी सुमन के चरित्र पर संदेह करने लगा। शनिवार रात को उसने सुमन को मिलने शहर के टाउन पार्क में बुलाया। यहां दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद तैश में आकर सन्नी ने सुमन के पेट में चाकू घोंप दिया। उसने चाकू से 6-7 वॉर किया। जिससे सुमन जमीन पर गिर गई। इसके बाद सन्नी को लगा कि उससे गलत हो गया है तो वह सुमन को उठाकर अपनी बाइक पर बैठकर उपचार के लिए सिविल हॉस्पिटल ले गया। यहां डॉक्टरों ने सुमन की जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। सिविल हॉस्पिटल से पुलिस को फोन करके घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को जब सूचना मिली तो यह पता नहीं था कि वारदात सिटी इलाके में हुई या सिविल लाइन थाने के इलाके में। सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पता चला कि घटना सिविल लाइन इलाके में आने वाले टाउन पार्क की है। इसके सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
सूत्रों के अनुसार प्रेमी सन्नी को जब पता चला कि उसकी प्रेमिका सुमन की मौत हो चुकी है तो वह फरार होने की बजाए सीधा पुलिस के पास पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं दिखाई है।