Pal Pal India

पीजीआई ले जाने के दौरान वैन में महिला कैदी से दुष्कर्म, दो के खिलाफ केस दर्ज

 
 पीजीआई ले जाने के दौरान वैन में महिला कैदी से दुष्कर्म, दो के खिलाफ केस दर्ज
जींद, 18 अप्रैल  जिला कारागार की एक महिला कैदी के साथ कैदी वाहन में नशीला पदार्थ पिलाकर एक कैदी और एक बंदी के दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत पर दोनों कैदियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बताया गया कि जिला कारागार में नशीले पदार्थ तस्करी के जुर्म में सजायाफ्ता एक महिला बंद है। उस महिला कैदी का रोहतक पीजीआई से इलाज चल रहा है। बताया गया कि 20 फरवरी को कैदियों की वैन से उसे इलाज के लिए पीजीआई रोहतक ले जाया गया था। उस वैन में उसके साथ कैदी मनीष तथा गांव धनौरी निवासी बंदी सतीश भी थे। पीजीआई में वैन को रोक कर सुरक्षाकर्मी कागजात तैयार करवा रहे थे। आरोप है कि तभी दोनों कैदियों ने महिला कैदी को कोल्ड ड्रिंक में कोई नशीला पदार्थ पिला दिया और उसके बाद दाेनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने महिला कैदी की शिकायत पर दोनों कैदियों के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच के लिए रोहतक पुलिस को भेज दी है। इस घटना के बाद तनाव में महिला कैदी ने जेल में जान देने की कोशिश की। पुलिस ने इस मामले में महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी सुखबीर ने बताया कि पुलिस ने महिला कैदी की शिकायत पर कैदी मनीष तथा बंदी सतीश के खिलाफ नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज कर जीरो एफआईआर रोहतक पुलिस को भेज दी है।