Pal Pal India

जींद में महिला चिकित्सक को 20 लाख की फिरौती की धमकी, पुलिस ने शुरू की जांच

 
  जींद में महिला चिकित्सक को 20 लाख की फिरौती की धमकी, पुलिस ने शुरू की जांच
जींद, 8 अगस्त । शहर की निजी अस्पताल की महिला चिकित्सक काे बदमाशों ने मोबाइल फोन पर 20 लाख रुपये की फिरौती मांगते हुए गोली मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जींद में सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में मुस्कान अस्पताल की संचालिका डा. मोनिका पूनिया ने बताया कि सेक्टर सात-आठ के डिवाइडिंग रोड पर सिविल लाइन थाना के सामने ही उनका अस्पताल है। सिविल अस्पताल में डॉक्टर की नौकरी के बाद उसने अपना खुद का अस्पताल खोला हुआ था। सात अगस्त को सुबह 11 बजकर 28 मिनट से लेकर 11 बजकर 55 मिनट के बीच उसके पास अज्ञात नंबर से कॉल आई। उसने उठाया तो सामने वाले ने धमकी देते हुए कहा कि 20 लाख रुपये का इंतजाम कर लो नहीं तो गोली मार दूंगा। इससे डा. मोनिका पूनिया घबरा गई और उसने अपने पति को घटना के बारे में जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोग एसपी कुलदीप सिंह से मिले और मामले की शिकायत की।
सिविल लाइन पुलिस के जांच अधिकारी कुलवंत सिंह ने शुक्रवार को बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जिस नंबर से कॉल आई, उसकी डिटेल निकाली जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।