Pal Pal India

सिरसा लोकसभा सीट बड़े मार्जिन से जीतेंगे: अभय चौटाला

 
  सिरसा लोकसभा सीट बड़े मार्जिन से जीतेंगे: अभय चौटाला
 सिरसा, 02 अप्रैल। इंडियन नेशनल लोकदल के विधायक और प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने
कहा कि 6 अप्रेल को ताऊ देवीलाल की पुण्यतिथि का कार्यक्रम दिल्ली में
होगा जिसमें इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला शिरकत करेंगे। वे बीते
सोमवार को अपने आवास पर मीडिया कर्मियों से रूबरू हो रहे थे। अभय सिंह
चौटाला ने कहा कि 6 अप्रेल को ही प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक दिल्ली में
आयोजित की जाएगी जिसमें हरियाणा की बाकी 9 सीटों पर उम्मीदवारों पर मंथन
पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा किया जाएगा। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि
जल्द ही पार्टी के सीनियर लीडरशिप बाकी सीटों पर भी अपने उम्मीदवारों की
सूची जारी करेगी। उन्होंने कहा कि सिरसा सहित सभी सीटों पर इनेलो बड़े
मार्जिन से जीतेगी। चौटाला ने कहा कि आज भाजपा पूरे देशभर की सबसे बड़ी
पार्टी होने का दावा करती है लेकिन हरियाणा की 10 सीटों में से कांग्रेस
के नेताओं को ही भाजपा में शामिल करवा उन्हें उम्मीदवार बनाया गया है।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि कुरुक्षेत्र सहित हरियाणा की सभी 10 सीटों पर
लोकसभा चुनाव के लिए जनता में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है और प्रदेश
की जनता का समर्थन इस बार इनेलो के साथ रहेगा। उन्होंने कहा कि आज भाजपा
राज से सभी दुखी हैं, इसलिए देश और प्रदेश की जनता भाजपा से छुटकारा पाना
चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से दुखी होकर प्रदेश और देश के लोगों
ने भाजपा को सत्ता सौंपी थी और अब भाजपा से दुखी होकर प्रदेश की जनता
हरियाणा में इनेलो को सत्ता सौंपेगी। अभय चौटाला ने सिरसा लोकसभा सीट से
भाजपा उम्मीदवार डॉ. अशोक तंवर का फतेहाबाद में विरोध होने पर
प्रतिक्रियास्वरूप कहा कि लोग तंवर का स्वागत क्यों करेंगे? उन्होंने कहा
कि पिछले कई समय से भाजपा के नेता भी तो किसानों का विरोध कर रहे थे। अभय
चौटाला ने पूर्व सीएम मनोहर लाल को जेड प्लस सुरक्षा देने पर कहा कि
मनोहर लाल ने सुरक्षा लेने के लिए अपने पत्र में किसानों से खतरा होने की
दलील लिखी थी। उन्होंने कहा कि पिछले 9 साल के मनोहरलाल के कार्यकाल में
किसानों के साथ कितने अत्याचार हुए हैं, सबको पता है। उन्होंने कहा कि
देश और प्रदेश किसानों पर ही निर्भर करता है क्योंकि भारत कृषि प्रधान
देश है। उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम मनोहर लाल को हरियाणा में रहने का
कोई अधिकार नहीं है। पिछले 9 साल में किसानों पर हुए अत्याचार का बदला अब
किसान लेंगे। उन्होंने कहा कि अब लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा नेता
गांवों में प्रचार करने के लिए जाएंगे तब भाजपा नेताओं को हरियाणा में
विरोध झेलना पड़ेगा। अभय चौटाला ने भाजपा के 400 के पार के नारे पर
पलटवार करते हुए कहा कि अब भाजपा 200 का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा क्षेत्रीय पार्टियों को खत्म करना चाहती है। इस
मौके पर इनेलो जिलाध्यक्ष कश्मीर सिंह करीवाला, पूर्व विधायक डॉ.
सीताराम, धर्मवीर नैन, गंगाराम बजाज, प्रवक्ता महावीर शर्मा, कृष्णा
फौगाट, गुरविंद्र सिंह सरपंच, गुरदयाल मेहता व प्रदीप मेहता आदि पार्टी
के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।